होली में हुड़दंग पड़ा भारी: पुलिस वाहनों पर पथराव, 5 आरोपी गिरफ्तार, सीधे जेल
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना नवागढ़ क्षेत्र में शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिस वाहनों पर पथराव कर नुकसान पहुंचाने वाले 5 आरोपियों को नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना बीती रात करीब 2 बजे की है। थाना नवागढ़ की पेट्रोलिंग पार्टी ग्राम राछाभाटा से सेमरा-बुढ़ेना की ओर गश्त पर थी। इसी दौरान ग्राम बुढ़ेना के मुख्य मार्ग पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लकड़ी और पत्थर रखकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया था। पुलिस पार्टी जब मार्ग से अवरोध हटा रही थी, तभी आसपास छिपे उपद्रवियों ने अचानक पुलिस के शासकीय वाहनों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव से दोनों शासकीय वाहनों के आगे और पीछे के शीशे टूट गए।
घटना के बाद आरोपी मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पत्थरबाजी कर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों में अनीश यादव (19), साहिल यादव (21), राज कश्यप (19), सुखराम कश्यप (22) और परमेश्वर यादव (22) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम बुढ़ेना, थाना नवागढ़ के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 86/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3(1) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेडे सहित पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली या किसी भी त्योहार के दौरान उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




