होली से पहले सरकंडा पुलिस का प्रहार: 141 पाव अवैध शराब जब्त, ई-रिक्शा सहित आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260304-WA1472

बिलासपुर। बिलासपुर जिले में होली पर्व के मद्देनजर अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना सरकण्डा पुलिस ने ईमलीभाठा बंधवापारा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए होली में बिक्री के लिए ले जाई जा रही भारी मात्रा में देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।



पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलेभर में अवैध नशे के कारोबार पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं सीएसपी सरकंडा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य द्वारा टीम गठित कर लगातार पेट्रोलिंग और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था।

इसी दौरान 3 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति ईमलीभाठा अटल आवास के पास बोरी में भरकर ई-रिक्शा से अवैध शराब ले जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य होली पर्व में बिक्री करना है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके पर एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया।

पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम शेखर गढ़ेवाल, उम्र 21 वर्ष, निवासी छोटी कोनी बताया। तलाशी लेने पर बोरी के अंदर से 141 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 11,280 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त ई-रिक्शा को भी जब्त किया है। फरार आरोपी की पहचान उसके बड़े भाई राज गढ़ेवाल के रूप में की गई है, जिसकी तलाश जारी है।

इस मामले में थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 285/2025 के तहत धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

सरकंडा पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि होली जैसे पर्व पर शांति भंग करने वालों और अवैध नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!