16 वर्षों से बड़ा बाजार में हो रहा होलिका दहन, सामाजिक एकता की मिसाल – दीपक गुप्ता
मुंगेली। मुंगेली शहर के बड़ा बाजार क्षेत्र में विगत 16 वर्षों से लगातार हो रहे होलिका दहन को शहर कांग्रेस कमेटी जिला मुंगेली के पदाधिकारी दीपक गुप्ता ने सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की मजबूत परंपरा बताया है। उन्होंने कहा कि होलिका दहन केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाला ऐसा पर्व है, जो हर वर्ग और हर समुदाय को एक सूत्र में पिरोता है।
दीपक गुप्ता ने बताया कि बड़ा बाजार में वर्षों से यह आयोजन शांतिपूर्ण, अनुशासित और गरिमामय ढंग से होता आ रहा है। इसमें व्यापारी वर्ग, स्थानीय नागरिक, युवा और बुजुर्ग सभी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाते हैं। यह परंपरा इस बात का प्रमाण है कि मुंगेली की सांस्कृतिक विरासत न केवल मजबूत है, बल्कि समय के साथ और भी सशक्त हुई है।

उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि मुंगेली शहर में विगत 16 वर्षों से यह ऐसा होलिका दहन आयोजन है, जहां महिलाएं बिना किसी डर या असुरक्षा के निर्भय होकर पहुंचती हैं और पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा व उत्साह के साथ होलिका दहन में शामिल रहती हैं। यह शहर में आपसी विश्वास, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द का जीवंत उदाहरण है।
दीपक गुप्ता ने कहा कि होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और हमें इस संदेश को अपने दैनिक जीवन में भी अपनाना चाहिए। समाज में प्रेम, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करने में ऐसे आयोजन अहम भूमिका निभाते हैं।
अंत में उन्होंने नगरवासियों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी लोग होली को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। साथ ही प्रशासन और आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह आयोजन हर वर्ष सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




