बिलासपुर में शुरू हुआ स्टेट पुलिस कल्चर एक्सचेंज कार्यक्रम, गुजरात के 15 पुलिस अधिकारी पहुंचे
बिलासपुर । “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान के तहत आयोजित स्टेट पुलिस कल्चर एक्सचेंज कार्यक्रम के 14वें चरण की शुरुआत मंगलवार को बिलासपुर में हुई। कार्यक्रम के अंतर्गत गुजरात पुलिस के जिला पोरबंदर से 15 अधिकारी और कर्मचारियों का दल अध्ययन भ्रमण पर बिलासपुर पहुंचा है।
बिलासपुर पहुंचने पर पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सभी अधिकारियों का औपचारिक स्वागत किया और उनसे परिचय प्राप्त किया। इस दौरान अतिथि दल को बिलासपुर पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही रणनीतियों, जनजागरूकता अभियानों तथा सामुदायिक सहभागिता आधारित पुलिसिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
बताया गया कि गुजरात के पोरबंदर से आए अधिकारी और कर्मचारी आगामी 20 दिनों तक बिलासपुर रेंज तथा विशेष रूप से जिला बिलासपुर में पुलिस की विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली का अध्ययन करेंगे। इस दौरान उन्हें थाना-चौकी व्यवस्था, पुलिस लाइन, यातायात प्रबंधन, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, जिले की भौगोलिक स्थिति, अपराध की प्रकृति तथा अपराध रोकथाम के उपायों से अवगत कराया जाएगा।
इसके अलावा जिले में संचालित “चेतना अभियान” सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अपराध रोकथाम और नागरिक सहभागिता के प्रयासों की जानकारी भी साझा की जाएगी। कार्यक्रम के अंतर्गत अतिथि दल को माननीय उच्च न्यायालय, न्यायिक अकादमी, प्रमुख पर्यटन स्थल तथा धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा, ताकि उन्हें राज्य की सामाजिक-सांस्कृतिक संरचना और प्रशासनिक व्यवस्था की समग्र जानकारी मिल सके।
अधिकारियों को पुलिस के सहयोगी तंत्र जैसे रेडियो शाखा, विशेष शाखा, फिंगर प्रिंट यूनिट, एफएसएल, नगर सेना, एसडीआरएफ और छत्तीसगढ़ बल के समन्वित कार्यों की जानकारी भी दी जाएगी। इसके साथ ही बिलासपुर रेंज के विभिन्न जिलों की पुलिसिंग गतिविधियों का अवलोकन कराया जाएगा, जिससे दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर कार्यप्रणाली का आदान-प्रदान हो सके और आधुनिक तथा प्रभावी पुलिसिंग को और सुदृढ़ बनाया जा सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




