प्रहार अभियान के तहत तखतपुर पुलिस की कार्रवाई, 75 हजार की ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260310-WA0940

तखतपुर/बिलासपुर । जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे प्रहार अभियान के तहत तखतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ब्राउन शुगर बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.74 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा और नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में तखतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दुर्गेश गायकवाड (22 वर्ष) निवासी बड़े बाजार तखतपुर मोढे चौक के पास ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर तखतपुर पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 3.74 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21ए, 22ए और 29 के तहत मामला दर्ज किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह मादक पदार्थ अप्पू देवांगन (32 वर्ष) निवासी देवांगन मोहल्ला तखतपुर से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी की तलाश शुरू की और उसे बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में लिया।

पूछताछ में अप्पू देवांगन ने बताया कि वह अन्य राज्य से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और दुर्गेश गायकवाड को बेचता था। पुलिस ने उसके पास से बिक्री की बची रकम 2000 रुपये तथा अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में अन्य राज्यों से जुड़े आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तखतपुर निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक दिलाराम मनहर, सहायक उप निरीक्षक रमेश कुमार ओरके, एसीसीयू बिलासपुर के उप निरीक्षक कमलेश बंजारे व उनकी टीम तथा आरक्षक आशीष वस्त्रकार, सुनील सूर्यवंशी, राजकुमार श्याम, चन्द्रशेखर मरकाम और संतोष पोर्ते का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!