NTPC World Environment Day

मोबाइल शॉप में लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद संदिग्ध; पुलिस जांच में जुटी

0
IMG-20260310-WA0961

रायगढ़ । शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित एक मोबाइल दुकान में बीती रात लाखों रुपये की चोरी की घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। वहीं सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध की तस्वीर सामने आने के बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में आज सुबह चोरी की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एफएसएल टीम और सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दुकान संचालक मोहम्मद फारुक, निवासी लक्ष्मीपुर रायगढ़ से पूछताछ की।

दुकान संचालक ने पुलिस को बताया कि उनकी दुकान में नए और पुराने मोबाइल की खरीद-बिक्री की जाती है। वे 9 मार्च की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। आज सुबह लगभग 10 बजे जब वे दुकान पहुंचे और शटर खोलकर अंदर गए तो शोकेस काउंटर में रखे मोबाइल अस्त-व्यस्त पाए।

जांच करने पर पता चला कि काउंटर के शोकेस में रखे 16 आईफोन मोबाइल और दराज में रखे 30 हजार रुपये नकद गायब हैं। आगे जांच में यह भी सामने आया कि चोर दूसरी मंजिल के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसा और ग्राउंड फ्लोर स्थित दुकान से मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार हो गया। चोरी गए मोबाइल और नकदी की कुल कीमत लगभग 13 लाख 39 हजार रुपये बताई गई है।

घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली रायगढ़ में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत धारा 305 और 331(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदिग्ध की तस्वीर जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों के साथ ही आसपास के जिलों में भी साझा की गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!