NTPC World Environment Day

ईश्वर की अनुपम कृति हैं महिलाएं : अरुण सावनारी शक्ति सम्मान समारोह में स्वच्छता दीदियों व महिला हितग्राहियों का सम्मान

0
IMG-20260310-WA0935

रायपुर । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा रायपुर के शासकीय मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में नारी शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने स्वच्छता, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छता दीदियों, महिला हितग्राहियों और स्वसहायता समूहों की महिलाओं को सम्मानित किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि महिलाएं ईश्वर की अनुपम कृति हैं। ईश्वर ने उन्हें विशेष शक्तियां और क्षमताएं दी हैं, जिनके बल पर महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपरा में प्राचीन काल से ही माताओं और बहनों को विशेष सम्मान प्राप्त है।

कार्यक्रम के दौरान श्री साव ने नगरीय निकायों में हर महीने स्वच्छता के आंकलन के लिए छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए 15 दिनों के विशेष शिविर आयोजित करने की घोषणा भी की। यह शिविर 14 मार्च से शुरू होंगे

समारोह में प्रदेशभर से आई स्वच्छता दीदियां, महिला हितग्राही और स्वसहायता समूहों की महिलाएं उत्साह के साथ शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध लोक गायिका गरिमा दिवाकर और स्वर्णा दिवाकर के फाग गीतों पर महिलाएं झूमती नजर आईं।

अपने संबोधन में श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गई हैं। स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के शहरों में स्वीकृत 2 लाख 44 हजार प्रधानमंत्री आवासों में से 1 लाख 77 हजार आवास महिलाओं के नाम पर स्वीकृत किए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत राज्य की 70 हजार महिला स्ट्रीट वेंडर्स को बैंकों के माध्यम से 88 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण दिलाया गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने कहा कि राज्य और शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर जो प्रतिष्ठा मिलती है, उसमें महिलाओं की बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता दीदियों और महिलाओं के सहयोग से ही योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने स्वागत भाषण में कहा कि विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। कार्यक्रम में विभाग के संचालक आर. एक्का, रायपुर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के सीईओ शशांक पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

इन महिलाओं का हुआ सम्मान

समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रामेश्वरी सागर (बिलासपुर), मंजू देवांगन (कुम्हारी), संपति यादव (बिल्हा), संगीता गुप्ता (अंबिकापुर), भारती गुप्ता (विश्रामपुर) और लता मंडलेश (पाटन) को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत विपरीत परिस्थितियों में घर निर्माण करने वाली मांडवी कौशिक (रायपुर), बिमला साहू (बीरगांव), त्रिवेणी साहू (कुम्हारी) तथा राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित सुमन तिर्की (बगीचा) को भी सम्मानित किया गया।

वहीं “वीमेन फॉर ट्री” अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए पल्लवी विजय क्षत्री (बिलासपुर), दुर्गा राजपूत (लोरमी) और प्रभा यादव (बगीचा) को सम्मान दिया गया।

हितग्राहियों को दिए गए चेक

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने प्रधानमंत्री आवास का निर्माण समय पर पूरा करने वाली रजनी ध्रुव (रायपुर), गीता पाल (कुम्हारी) और पलक देवांगन (बीरगांव) को 32,850 रुपये के चेक प्रदान किए। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत रायपुर नगर निगम की स्ट्रीट वेंडर्स लक्ष्मी साहू, रत्ना दीप और बी. लावण्या को 50-50 हजार रुपये के चेक सौंपे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!