घरघोड़ा में 24 घंटे में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तारएलईडी टीवी, आयरन व बर्तन बरामद, 9,200 रुपये का मशरूका जब्त
रायगढ़ । जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मकान चोरी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान का हिस्सा बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम टेरम निवासी किशन लाल जोल्हे (29 वर्ष) ने 17 मार्च को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ ईंट निर्माण कार्य के लिए गांव से बाहर गए थे। इसी दौरान 8 से 10 फरवरी के बीच अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का दरवाजा तोड़कर एलईडी टीवी, आयरन, कांस के बर्तन एवं अन्य सामान चोरी कर लिया था, जिसकी कुल कीमत करीब 15 हजार रुपये थी।
मामले में थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, जिससे संदेहियों के रूप में गजेन्द्र सारथी उर्फ गज्जु (19 वर्ष) निवासी बैहामुड़ा और परमेश्वर राठिया (19 वर्ष) निवासी भेंडरा कपाटडेरा के नाम सामने आए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
आरोपियों ने बताया कि 9 फरवरी की रात उन्होंने सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की थी और सामान को प्लास्टिक बोरी में भरकर रेलवे ट्रैक के रास्ते अपने घर ले गए थे। बाद में उन्होंने आपस में सामान बांट लिया और कुछ सामान कबाड़ी को बेचकर पैसे खर्च कर दिए।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर गजेन्द्र सारथी से एक बैटरी और आयरन (कीमत 8,000 रुपये) तथा परमेश्वर राठिया से कांस के बर्तन (कीमत 1,200 रुपये) बरामद किए। इस प्रकार कुल 9,200 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक पारसमणि बेहरा, आरक्षक प्रदीप तिग्गा और भानु चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि चोरी जैसे अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




