भिलाई इस्पात संयंत्र में ‘नई चेतना’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, महिला श्रमिकों को किया गया सशक्त
स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों पर दी गई विस्तृत जानकारी, आत्मनिर्भरता व जागरूकता बढ़ाने पर जोर
भिलाई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-2 सभागार में हाल ही में सफाई कार्य में संलग्न महिला ठेका श्रमिकों के लिए ‘नई चेतना’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला श्रमिकों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, कार्यस्थल पर सुरक्षा तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहकर सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण में कार्य कर सकें।

कार्यक्रम में अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी के.डी. बघेल और आर.के. ठाकुर की उपस्थिति रही, वहीं कुल 15 महिला ठेका श्रमिकों ने इसमें भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कंसलटेंट (एनओएचएस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) शुभश्री प्रशांत ने महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य देखभाल और कार्यस्थल पर साफ-सफाई के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता से जुड़ी आदतें अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है।
उप प्रबंधक (एचआर, मिल्स जोन-1) समायला अंसारी ने कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डालते हुए यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की अनुचित घटना की स्थिति में बिना संकोच शिकायत करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी (एचआर-सीओ एवं सीसीडी) प्रवीण कुमार शर्मा ने महिला श्रमिकों को न्यूनतम वेतन, बोनस, भविष्य निधि (पीएफ), ईएसआईसी जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा श्रमिकों के बच्चों के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।
कार्यक्रम का संचालन एचआर अधिकारी (स्टील जोन-2) सिकंदर इंदोरिया ने किया। इस आयोजन के माध्यम से महिला श्रमिकों में जागरूकता, आत्मविश्वास और अधिकारों के प्रति समझ को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास किया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




