नगर निगम मुख्यालय के सामने गार्डन की अहम फाइल गायब, प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

0
image_search_1776675878330

रायपुर। राजधानी रायपुर में नगर निगम मुख्यालय के सामने स्थित गार्डन से जुड़ी महत्वपूर्ण फाइल के गायब होने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। पहले से ही फूड पार्क की शर्तों के उल्लंघन को लेकर विवादों में रहे इस गार्डन को लेकर अब नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व जोन-10 से संबंधित फाइल गायब होने की घटना सामने आई थी, वहीं अब मुख्यालय स्तर पर फाइल लापता होना मामले को और गंभीर बना रहा है। अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं।

व्यावसायिक उपयोग पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि गार्डन के रखरखाव और सुविधाओं के संचालन के लिए एक निजी एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। नियमों के तहत सीमित क्षेत्र में ही दुकानों और फूड स्टॉल की अनुमति दी गई थी, लेकिन आरोप है कि तय सीमा से अधिक हिस्से का व्यावसायिक उपयोग किया गया।

NTPC World Environment Day

नियमों के उल्लंघन की शिकायतें
नगर निगम के प्रावधानों के अनुसार उद्यान के कुल क्षेत्रफल के केवल 5 प्रतिशत हिस्से में ही व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति होती है। साथ ही सुरक्षा, साफ-सफाई और सीसीटीवी व्यवस्था सुनिश्चित करना एजेंसी की जिम्मेदारी होती है। इसके बावजूद मौके पर इन व्यवस्थाओं में कमी और नियमों के उल्लंघन की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि संभावित गड़बड़ियों को छिपाने के लिए दस्तावेजों से छेड़छाड़ की गई हो सकती है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई: महापौर
महापौर मीनल चौबे ने कहा है कि गार्डन से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि उक्त गार्डन पूर्व में भी रखरखाव, दुकानों की संख्या और नियमों के उल्लंघन को लेकर कई बार विवादों में रह चुका है। फिलहाल, फाइल गायब होने की इस नई घटना ने नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। अब सभी की निगाहें जांच के नतीजों पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!