दुर्ग में सनसनीखेज वारदात: घर में घुसकर महिला ने आरक्षक की पत्नी व मासूम बेटे की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

0
40-13-1152x1536

दुर्ग। जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक महिला ने घर में घुसकर एटीएस/एसटीएफ आरक्षक के परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक की पत्नी और मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 8 बजे की है। आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (25), निवासी ग्राम हल्दीडीह थाना जैजैपुर जिला सक्ती, हाल निवासी आशा नगर सिकोला भाठा, ने एसटीएफ कॉलोनी डी-ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर डी-15 में जबरन प्रवेश किया। यहां उसने एसटीएफ आरक्षक ललितेश यादव के घर में मौजूद उनकी पत्नी रीना यादव (35), बेटी नैना यादव (12) और बेटे आदित्य यादव (8) पर सब्जी काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल हाईटेक हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान रीना यादव और उनके पुत्र आदित्य यादव की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल नैना यादव का इलाज जारी है।

मामले में प्रार्थी एसटीएफ आरक्षक अमीष यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

फिलहाल इस जघन्य वारदात के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों का खुलासा पूछताछ के बाद किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!