जनदर्शन में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने सुनीं लोगों की समस्याएं।
बिलासपुर में नागरिकों से सीधा संवाद, त्वरित समाधान के दिए निर्देश; खेल प्रतिभाओं का किया सम्मान
बिलासपुर। तोखन साहू ने अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर स्थित निज कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों ने विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे, जिन पर उन्होंने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान सड़क, पानी, आवास, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। मंत्री तोखन साहू ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने नागरिकों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना और कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को निर्देशित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराई। इससे उपस्थित लोगों में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला।

खेल प्रतिभाओं का बढ़ाया हौसला
इस अवसर पर मंत्री तोखन साहू ने खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल करने वाले बच्चों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ी न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे बच्चों को प्रोत्साहित करना समाज और शासन दोनों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा, “खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करता है। सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें हर संभव सुविधा एवं संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।”

मंत्री ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित करें और उनकी प्रतिभा को निखारने में सहयोग दें।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने पुनः आश्वस्त किया कि जनदर्शन के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों और मांगों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आमजन को राहत मिल सके और क्षेत्र का समग्र विकास हो सके।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
