भिलाई प्रबंधन विकास केंद्र में दो दिवसीय प्रशिक्षण से सशक्त हुई नेतृत्व क्षमता

0
d9f1160b304a1f3ca571df2dd3e44b6da4be30e6bc9d9938979ab8d5f649e012.0

भिलाई । इस्पात मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के भिलाई इस्पात संयंत्र स्थित भिलाई मैनेजमेंट डेवलपमेंट सेंटर में “एलेवेटिंग एग्जीक्यूटिव प्रेज़ेन्स फॉर स्ट्रैटेजिक लीडरशिप” विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 28 और 29 अप्रैल, 2026 को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों की नेतृत्व क्षमता की प्रभावशीलता को सुदृढ़ करना था, जिसमें एग्जीक्यूटिव प्रेज़ेन्स, रणनीतिक चिंतन और संप्रेषण कौशल के विकास पर विशेष बल दिया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष एवं महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन – लर्निंग एंड डेवलपमेंट) संजीव कुमार श्रीवास्तव के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्यों और अपेक्षित परिणामों को रेखांकित किया तथा वर्तमान गतिशील औद्योगिक परिवेश में प्रभावी नेतृत्व उपस्थिति के महत्व पर बल दिया।

कार्यक्रम के तकनीकी सत्रों का संचालन शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के पूर्व निदेशक (मानव संसाधन) तथा स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के पूर्व कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) एस. पी. एस. जग्गी द्वारा किया गया। उन्होंने अपने व्यापक अनुभव के आधार पर एग्जीक्यूटिव प्रेज़ेन्स के प्रमुख आयाम ग्रेविटास, कम्युनिकेशन और अपीयरेंस पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा विश्वसनीयता और प्रभाव स्थापित करने में उनकी भूमिका को स्पष्ट किया। साथ ही, उन्होंने इमोशनल इंटेलिजेंस, पर्सनल ब्रांडिंग और प्रभावी नेटवर्किंग जैसे विषयों पर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की, जो सशक्त नेतृत्व निर्माण में सहायक हैं।

उद्घाटन सत्र के दौरान श्री जग्गी द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक प्रसंग ने कार्यक्रम की प्रभावशाली शुरुआत करते हुए प्रतिभागियों के बीच सकारात्मक और विचारोत्तेजक वातावरण का निर्माण किया। उनके सत्र संवादात्मक और व्यावहारिक रहे, जिन्हें प्रतिभागियों ने अत्यंत उपयोगी बताया। यह कार्यक्रम महाप्रबंधक (मानव संसाधन – लर्निंग एंड डेवलपमेंट) सौरभ वार्ष्णेय के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जबकि अभिनव विश्वकर्मा कार्यक्रम समन्वयक रहे। उद्घाटन सत्र का संचालन प्रशासनिक सहयोगी के. शिवा द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन सौरभ वार्ष्णेय द्वारा दिया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के कुल 33 अधिकारियों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अपनी नेतृत्व क्षमता, संप्रेषण कौशल और व्यावसायिक प्रभावशीलता को सुदृढ़ करने की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी और प्रासंगिक बताया। यह पहल भिलाई इस्पात संयंत्र में नेतृत्व विकास और क्षमता संवर्धन के सतत प्रयासों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!