मुंगेली नगर पालिका की बड़ी लापरवाही! कचरे में फेंकी गईं मृत गायें।
मुंगेली । छत्तीसगढ़ के मुंगेली नगर पालिका परिषद पर मृत गायों के अंतिम संस्कार को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं। शहर में मृत गायों को सम्मानपूर्वक दफनाने या अंतिम संस्कार करने के बजाय कचरा डंपिंग स्थल पर फेंक दिए जाने का मामला सामने आने के बाद नगर में भारी आक्रोश व्याप्त है। बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन मृत गायों को उस स्थान पर डाल दिया गया, जहां नगर का कचरा फेंका जाता है। कचरे में आग लगने के कारण कई गायों के शव अधजली अवस्था में पाए गए, जिन्हें पक्षियों द्वारा नोचते देखा गया। इस वीभत्स दृश्य ने स्थानीय लोगों, गौसेवकों और गौप्रेमियों को झकझोर कर रख दिया है।

घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि गाय हिंदू समाज में पूजनीय मानी जाती है और इस तरह शवों को कचरे में फेंकना धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है।

गौसेवकों ने नगर पालिका पर लगाए गंभीर आरोप
गौसेवा से जुड़े लोगों ने नगर पालिका परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मृत गायों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया जाना चाहिए था। उनका कहना है कि पहले मृत मवेशियों को गड्ढा खोदकर मिट्टी में दफनाया जाता था, लेकिन इस बार न तो नियमों का पालन किया गया और न ही मानवीय संवेदनाओं का ध्यान रखा गया।
गौसेवकों ने मांग की है कि नगर में कहीं भी किसी गाय की मृत्यु होने पर वैज्ञानिक और सम्मानजनक तरीके से अंतिम संस्कार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इस पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
“मुंगेली में गौमाताओं को नहीं मिल रहा सम्मान”

गौ सेवा धाम से जुड़े नानू ठाकुर ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, हमारी गौ माताओं को देखिए, नगरपालिका द्वारा न इन्हें मिट्टी दी गई और न ही अंतिम संस्कार कराया गया। ऐसे ही कचरे में लाकर फेंक दिया गया है। ये कोई पाकिस्तान या बांग्लादेश का हालात नहीं है, ये हमारे छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले का हाल है।”
उन्होंने आगे कहा कि मुंगेली में करोड़ों रुपए स्विमिंग पूल, नदी सफाई और चौपाटी निर्माण जैसे कार्यों में खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन गौ माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए ठोस व्यवस्था नहीं है।
नानू ठाकुर ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मृत गायों का विधिवत अंतिम संस्कार कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो गौ सेवा धाम उग्र आंदोलन करेगा।
इधर मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी अंकुर पांडेय ने कहा कि सूचना मिलते ही नगर पालिका की टीम को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि मृत गायों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया जाएगा और इसके लिए आवश्यक निर्देश भी जारी किए जा रहे हैं।
CMO अंकुर पांडेय ने यह भी कहा कि पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि कहीं नगर पालिका को बदनाम करने की नीयत से यह घटना जानबूझकर तो नहीं की गई। उन्होंने कहा कि इस पहलू को भी जांच में शामिल किया जाएगा।
शहर में बना चर्चा और नाराजगी का माहौल
घटना के बाद पूरे शहर में नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मृत पशुओं के सम्मानजनक अंतिम संस्कार तक की व्यवस्था नहीं हो पा रही है तो यह प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। फिलहाल मामला शहर में चर्चा और आक्रोश का बड़ा विषय बना हुआ है तथा लोग प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
