“ऑपरेशन अंकुश” में रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
तीन ठिकानों पर ऑनलाइन IPL सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, 5 सट्टा खाईवाल गिरफ्तार
रायगढ़। आईपीएल मैचों की आड़ में चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा कारोबार पर रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 5 सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया है। “ऑपरेशन अंकुश” के तहत की गई इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने करीब 2 लाख 70 हजार रुपए नगद, 6 महंगे मोबाइल फोन, एक नोट गिनने की इलेक्ट्रॉनिक मशीन और डिजिटल लेनदेन से जुड़े अहम साक्ष्य जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 4 लाख 70 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में ऑनलाइन जुआ और क्रिकेट सट्टे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आईपीएल सीजन के दौरान सक्रिय हुए सट्टा नेटवर्क पर निगरानी रखने के लिए थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी दौरान पुलिस को अलग-अलग स्थानों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित होने की सूचना मिली।
कोतरारोड बायपास स्थित ऑफिस में चल रहा था सट्टा कारोबार
पहली कार्रवाई कोतरारोड बायपास स्थित आर.एस. ट्रेडिंग कंपनी के कार्यालय में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां मोबाइल फोन और ऑनलाइन बेटिंग आईडी के जरिए आईपीएल मैचों पर हार-जीत का सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी साकेत सिंघानिया को रंगे हाथ पकड़ लिया।
जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से ऑनलाइन बेटिंग ऐप, व्हाट्सएप चैट, यूपीआई ट्रांजेक्शन और सट्टे के हिसाब-किताब से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सट्टा नेटवर्क संचालित करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक विवो मोबाइल और आईफोन-13 प्रो जब्त किया।
राशन दुकान से संचालित हो रहा था सट्टा नेटवर्क
दूसरी कार्रवाई पुराना पंजाब नेशनल बैंक क्षेत्र में की गई। यहां एक राशन दुकान में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी रितेश डालमिया को मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने पिंटू हलवाई, रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई के साथ मिलकर पूरे नेटवर्क को संचालित करने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने चांदमारी क्षेत्र में दबिश देकर रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से आईफोन, विवो और सैमसंग कंपनी के मोबाइल फोन, 2 लाख 69 हजार रुपए नगद और नोट गिनने की इलेक्ट्रॉनिक मशीन बरामद की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह नेटवर्क बड़े पैमाने पर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए सट्टा कारोबार संचालित कर रहा था। जब्त मोबाइल फोन से कई डिजिटल रिकॉर्ड और ऑनलाइन भुगतान संबंधी जानकारियां भी मिली हैं।
किराए के मकान से चल रहा था ऑनलाइन सट्टा
तीसरी कार्रवाई संजय मैदान रामभांठा क्षेत्र में स्थित एक किराए के मकान में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि मकान की दूसरी मंजिल से आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा है। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी प्रदीप कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन में क्रिकेट गुरु एप, फोन-पे ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और सट्टे के लेनदेन से जुड़े स्क्रीनशॉट पाए गए। आरोपी ने पूछताछ में पिंटू हलवाई, रौनक हलवाई और प्रियंका हलवाई के साथ मिलकर सट्टा संचालन करने की बात स्वीकार की। आरोपी के मोबाइल से करीब 89 हजार 950 रुपए के डिजिटल ट्रांजेक्शन का रिकॉर्ड भी मिला है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मामले का मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
युवाओं को पुलिस की चेतावनी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा समाज और विशेषकर युवाओं को आर्थिक व सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचा रहा है। पुलिस तकनीकी और जमीनी स्तर पर लगातार निगरानी रख रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन जुआ और सट्टा कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, एसआई ऐनु देवांगन, एएसआई गौतम ठाकुर, अमृत मिंज, नंद कुमार सारथी, प्रधान आरक्षक दुर्गेश सिंह, बृजलाल गुर्जर सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
