अटारी रोड पर मादक पदार्थों के साथ ट्रेलर चालक गिरफ्तार, 15 लाख से अधिक का माल जब्त

0
IMG-20260508-WA0498

रायपुर। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना आमानाका पुलिस ने अटारी रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक ट्रेलर चालक को अफीम और डोडा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 79.30 ग्राम अफीम, 4 किलो 432 ग्राम डोडा तथा परिवहन में प्रयुक्त ट्रेलर वाहन जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 15 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना आमानाका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अटारी रोड स्थित डीआरजी ट्रांसपोर्ट के सामने खड़े ट्रेलर क्रमांक PB-05-AB-9313 के चालक के पास प्रतिबंधित मादक पदार्थ मौजूद है और वह बिक्री की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप पटेल के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई।

ट्रेलर की तलाशी में मिला मादक पदार्थ

पुलिस टीम ने संदिग्ध ट्रेलर को रोककर चालक से पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम बलराम सिंह पिता धरम सिंह उम्र 55 वर्ष निवासी जिला अमृतसर पंजाब, हाल निवास हीरापुर रायपुर बताया। तलाशी लेने पर वाहन में रखी एक बोरी से 4 किलो 432 ग्राम डोडा तथा प्लास्टिक पन्नी में 79.30 ग्राम अफीम बरामद हुई।

NTPC World Environment Day

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक रेडमी मोबाइल फोन और ट्रेलर वाहन को भी जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 150/26 के तहत धारा 15(B) एवं 18(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ जारी है। मादक पदार्थ कहां से लाया गया और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर अन्य संभावित आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

लगातार जारी है कार्रवाई

पुलिस उपायुक्त पश्चिम द्वारा शहर में नशे के कारोबार पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में रायपुर पुलिस लगातार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल आरोपियों पर कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि युवाओं को नशे के जाल से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!