अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : तोखन साहू
तेंदूपत्ता संग्राहकों, भूमिहीन मजदूरों, वृद्धजनों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु सरकार प्रतिबद्ध
नई दिल्ली/बिलासपुर । आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू ने कहा है कि केंद्र एवं राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में समाज के प्रत्येक जरूरतमंद वर्ग के सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ अंत्योदय की भावना को धरातल पर उतारने हेतु प्रतिबद्ध है।
श्री साहू ने कहा कि प्रदेश में तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक दर को ₹4000 प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर ₹5500 प्रति मानक बोरा किया गया है, जिससे लगभग 13 लाख तेंदूपत्ता संग्राहक परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
हितग्राहियों को बोनस का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है। साथ ही पूर्ववर्ती सरकार द्वारा बंद की गई चरण पादुका योजना को पुनः प्रारंभ कर वनवासी एवं श्रमिक परिवारों के सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत प्रदेश के 5.62 लाख भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष ₹10-10 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे श्रमिक परिवारों को आर्थिक संबल प्राप्त हो रहा है।

मंत्री श्री साहू ने कहा कि सरकार वृद्धजनों, निराश्रित महिलाओं एवं दिव्यांगजनों के जीवन को गरिमामय और सुरक्षित बनाने हेतु विभिन्न सामाजिक पेंशन योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रही है। वर्तमान में प्रदेश के 12 लाख 47 हजार 407 वृद्धजन वृद्धावस्था पेंशन योजना से लाभान्वित हो रहे हैं, जिनमें सामान्य हितग्राहियों को ₹500 प्रतिमाह तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को ₹650 प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जा रही है।
इसी प्रकार 7 लाख 56 हजार 197 विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं को प्रतिमाह ₹500 की पेंशन उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं 1 लाख 66 हजार 551 दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से ₹500 प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है।
श्री साहू ने कहा कि ये योजनाएं केवल आंकड़े नहीं, बल्कि लाखों परिवारों के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और विश्वास का आधार हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में राजधानी रायपुर सहित विभिन्न जिलों में संचालित 35 वृद्धाश्रमों में वर्तमान में 1049 निराश्रित एवं असहाय वृद्धजन लाभान्वित हो रहे हैं, जहां निःशुल्क आवास, भोजन, वस्त्र एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसके अतिरिक्त गंभीर रूप से बीमार एवं बिस्तर पर आश्रित वृद्धजनों के लिए संचालित 13 प्रशामक गृहों में निरंतर देखभाल एवं उपचार सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
माँ भानेश्वरी जयंती महोत्सव में सम्मिलित हुए श्री तोखन साहू
माँ भानेश्वरी जयंती महोत्सव में शामिल हुए श्री तोखन साहू
आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने ग्राम सनोद स्थित श्री भामाशाह छात्रावास, टिकरापारा, जिला बालोद में आयोजित माँ भानेश्वरी जयंती महोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि माँ भानेश्वरी जी का जीवन समाजसेवा, सद्भाव, संस्कार एवं लोककल्याण का प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्श समाज को एकजुटता, सेवा एवं नैतिक मूल्यों के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। मंत्री श्री साहू ने समाजजनों के स्नेह एवं आत्मीयता के लिए आभार व्यक्त करते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
