पचपेड़ी सब-स्टेशन में लगा 5 MVA का नया पॉवर ट्रांसफार्मर: जनप्रतिनिधियों की मांग पर बिजली विभाग की त्वरित पहल, 15 दिनों की कटौती और पेयजल संकट से मिली राहत

0
IMG-20260520-WA1411

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने से भरारी फीडर के 9 गांवों में मची थी त्राहि-त्राहि; बिलासपुर डिवीजन ऑफिस में दी गई थी दस्तक, तीसरे ही दिन दूर हुई समस्या

पचपेड़ी/बिलासपुर । पचपेड़ी बिजली सब-स्टेशन के अंतर्गत आने वाले भरारी फीडर के उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। पिछले 15 दिनों से भीषण गर्मी और पानी के गंभीर संकट से जूझ रहे ग्रामीणों की समस्या का आखिरकार अंत हो गया है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की एकजुटता और बिजली विभाग के आला अधिकारियों की त्वरित एवं संवेदनशील पहल के चलते पचपेड़ी सब-स्टेशन में 5 MVA का नया पॉवर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया है। 20 मई 2026 को नया ट्रांसफार्मर चालू होने के साथ ही क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू हो गई है।

कम क्षमता के ट्रांसफार्मर ने बढ़ाई थी मुसीबत

मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले पचपेड़ी सब-स्टेशन का 5 MVA का मुख्य पॉवर ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो गया था। इसके विकल्प के रूप में विभाग द्वारा बीते 8 मई 2026 को वहां 3.15 MVA का ट्रांसफार्मर लगा दिया गया। क्षमता (MVA) कम होने के कारण यह ट्रांसफार्मर भारी लोड नहीं संभाल पा रहा था, जिसके चलते मजबूरन भरारी फीडर के सभी 9 गांवों में पिछले दो हफ्तों से लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही थी।

NTPC World Environment Day

भीषण गर्मी में गहराया था पेयजल संकट

मई की इस तपती गर्मी में लगातार हो रही बिजली कटौती ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया था। बिजली न रहने के कारण गांवों की नल-जल योजनाएं और बोरवेल ठप पड़ गए थे, जिससे पूरे इलाके में पीने के पानी का भारी संकट गहरा गया था। लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे थे और ग्रामीणों में आक्रोश पनप रहा था।

बिलासपुर डिवीजन ऑफिस पहुंचे जनप्रतिनिधि, अफसरों ने दिखाया तत्काल रिस्पांस

समस्या को बेकाबू होता देख क्षेत्र के त्रिस्तरीय पंचायती राज प्रतिनिधि और ग्रामीण एकजुट हुए। 18 मई 2026 को जनप्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल सीधे बिलासपुर डिवीजन ऑफिस पहुंचा। वहां उन्होंने कार्यपालक निदेशक ए. के. अम्बसट एवं अधीक्षण यंत्री सुरेश जांगड़े से मुलाकात कर पचपेड़ी में तत्काल 5 MVA का बड़ा ट्रांसफार्मर लगाने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा।
अधिकारियों ने ग्रामीणों की तकलीफ को समझते हुए बेहद सहानुभूतिपूर्वक विचार किया और तत्काल नया ट्रांसफार्मर भेजने का ठोस आश्वासन दिया। विभाग की मुस्तैदी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आवेदन मिलने के ठीक तीसरे ही दिन यानी 20 मई 2026 को 5 MVA का नया पॉवर ट्रांसफार्मर सब-स्टेशन में इंस्टॉल कर चालू कर दिया गया।

पचपेड़ी जेई की मेहनत लाई रंग: इस पूरी कवायद के दौरान जहां बिलासपुर संभाग के बड़े अफसरों ने त्वरित निर्णय लिया, वहीं पचपेड़ी के जूनियर इंजीनियर (जेई) गंगासागर ध्रुव भी जमीनी स्तर पर लगातार प्रयासरत रहे। उन्होंने नया ट्रांसफार्मर लगवाने और लोड बैलेंसिंग को ठीक करने में दिन-रात एक कर दिया, जिससे आपूर्ति जल्द बहाल हो सकी।

ये जनप्रतिनिधि रहे सक्रिय

ग्रामीणों के हक की इस लड़ाई में मुख्य रूप से द्वारिका टंडन (सरपंच ग्राम पंचायत भरारी), राजकुमारी महेश्वर कुर्रे (जनपद सदस्य), धनेश साहू (सरपंच सुलौनी), शिवकुमारी मरकाम (सरपंच जलसो), सुरेंद्र साहू (सरपंच सुकुलकारी), सुनील मरकाम, कवेंद्र गंधर्व और महंत कांत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। ट्रांसफार्मर बदले जाने और बिजली-पानी की समस्या दूर होने पर क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है और जनप्रतिनिधियों सहित बिजली विभाग का आभार जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!