सुशासन तिहार बना ग्रामीणों के लिए वरदान
अब गांव में ही मिल रही त्वरित सरकारी सेवाएं, 30 मिनट में बना लर्निंग लाइसेंस
रायपुर । राज्य शासन के सुशासन तिहार के तहत आयोजित जन समस्या निवारण शिविर अब ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के लिए सुविधा और भरोसे का नया केंद्र बनते जा रहे हैं। मरवाही विकासखंड के ग्राम पंचायत उषाड़ में आयोजित शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाएं गांव में ही सरल और त्वरित रूप से उपलब्ध कराई गईं। पहले जहां छोटे-छोटे सरकारी कार्यों के लिए ग्रामीणों को कई बार तहसील, जिला कार्यालय या शहर के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं अब शिविरों के माध्यम से प्रशासन लोगों तक सीधे पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। परिवहन विभाग द्वारा मौके पर ही लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जाने की सुविधा लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उषाड़ निवासी उदय सिंह सोनवानी भी इसी उम्मीद के साथ शिविर पहुंचे थे। वहां उन्हें जानकारी मिली कि हल्के निजी वाहन के लिए लर्निंग लाइसेंस शिविर स्थल पर ही बनाए जा रहा है। उन्होंने तुरंत आवेदन प्रक्रिया पूरी की। उदय सिंह को लगा था कि लाइसेंस बनने में लंबा समय लगेगा, लेकिन विभाग की सुव्यवस्थित व्यवस्था और कर्मचारियों की तत्परता ने उनकी सोच बदल दी। महज 30 मिनट के भीतर उनका लर्निंग लाइसेंस तैयार होकर उनके हाथ में था। लाइसेंस प्राप्त करने के बाद उदय सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले लाइसेंस बनवाने के लिए शहर जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों की अतिरिक्त लागत आती थी। अब गांव में ही बिना किसी परेशानी और भागदौड़ के इतनी जल्दी सेवा मिलना उनके लिए बेहद सुखद अनुभव रहा। शासन की इस पहल की उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। इससे लोगों का सरकारी व्यवस्थाओं पर विश्वास भी मजबूत हो रहा है। शिविर में अन्य कई आवेदकों को भी मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए। परिवहन विभाग की त्वरित और पारदर्शी कार्यप्रणाली से ग्रामीणों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस प्रकार के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
