सर्व यादव समाज जिला मुंगेली के अध्यक्ष पद पर नरेश यादव लगातार तीसरी बार निर्विरोध निर्वाचित
कंतेली के नरेश यादव को मिली बड़ी जिम्मेदारी, समाज में खुशी की लहर
मुंगेली। सर्व यादव समाज जिला मुंगेली के अध्यक्ष पद पर नरेश यादव लगातार तीसरी बार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उनके निर्विरोध चयन के बाद समाजजनों में खुशी का माहौल है। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।
जानकारी के अनुसार समाज की बैठक एवं चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी सदस्यों की सहमति से नरेश यादव के नाम पर सहमति बनी, जिसके बाद उन्हें पुनः अध्यक्ष चुना गया। लगातार तीसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष बनने को लेकर समाज के लोगों ने उनके नेतृत्व, सामाजिक सक्रियता एवं संगठन क्षमता की सराहना की।
समाजजनों का कहना है कि नरेश यादव ने अपने पूर्व कार्यकाल में समाज को संगठित करने, सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को समाज से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसी कारण समाज ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।
निर्वाचन के बाद नरेश यादव ने समाज के वरिष्ठजनों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज के विकास, शिक्षा, सामाजिक एकता और युवाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने समाज को संगठित और मजबूत बनाने के लिए सभी के सहयोग की अपील भी की।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
