केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने एनसीआरटीसी के साथ की व्यापक समीक्षा बैठक
क्षेत्रीय तीव्र परिवहन प्रणाली (आरआरटीएस) विकसित भारत 2047 के विजन को गति देने में निभाएगी महत्वपूर्ण भूमिका : तोखन साहू
नई दिल्ली । केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने नई दिल्ली स्थित संकल्प भवन में नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एनसीआरटीसी) के साथ क्षेत्रीय तीव्र परिवहन प्रणाली (आरआरटीएस) परियोजनाओं की प्रगति एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की भावी परिवहन कार्ययोजना को लेकर व्यापक समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान विभिन्न आरआरटीएस कॉरिडोरों की प्रगति, नमो भारत पहल के अंतर्गत प्राप्त उपलब्धियों, नवाचार आधारित कार्यप्रणालियों, सतत एवं हरित परिवहन उपायों तथा ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट के माध्यम से निर्बाध मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि जनवरी 2026 तक दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का उपयोग 3.1 करोड़ से अधिक यात्री कर चुके हैं, जो तेज, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन के प्रति नागरिकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। साथ ही जानकारी दी गई कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक परिवहन को प्रोत्साहन एवं ईंधन संरक्षण संबंधी आह्वान के अनुरूप 22 मई 2026 से अतिरिक्त आठ ट्रेन सेवाएं प्रारंभ की गई हैं।
बैठक में एनसीआरटीसी की समावेशी एवं सतत विकास आधारित कार्यप्रणाली पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में लगभग 30 प्रतिशत ट्रेन ऑपरेटर एवं स्टेशन नियंत्रक महिलाएं हैं। साथ ही कुल ऊर्जा आवश्यकता का लगभग 60 प्रतिशत भाग अक्षय ऊर्जा स्रोतों से प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उत्तर प्रदेश में स्थापित किए जा रहे 110 मेगावाट क्षमता के कैप्टिव सोलर पावर प्लांट की जानकारी देते हुए बताया गया कि इससे विद्युत व्यय में लगभग 25 प्रतिशत तक कमी आएगी तथा प्रतिवर्ष लगभग 1.77 लाख टन कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में सहायता मिलेगी।
बैठक में एनसीआर परिवहन कार्यात्मक योजना 2032 के अंतर्गत चिन्हित आठ नमो भारत कॉरिडोरों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अवगत कराया कि प्रथम चरण में तीन एवं द्वितीय चरण में पांच कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही गाजियाबाद–जेवर एयरपोर्ट तथा गुरुग्राम–फरीदाबाद–नोएडा–ग्रेटर नोएडा जैसे नए कॉरिडोरों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक को संबोधित करते हुए केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि क्षेत्रीय रेल परिवहन प्रणाली संतुलित शहरी विकास, यातायात दबाव में कमी, क्षेत्रीय एकीकरण तथा सतत आर्थिक अवसरों को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बन सकती है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने में RRTS जैसी आधुनिक परिवहन प्रणालियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, जो नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता, उत्पादकता एवं कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल शहरीकरण को भी प्रोत्साहित करेंगी।
श्री साहू ने एनसीआरटीसी द्वारा नवाचार, सतत विकास एवं यात्री-केंद्रित कार्यप्रणाली के प्रति किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नमो भारत परियोजना भारत में भविष्य उन्मुख, आधुनिक एवं हरित शहरी परिवहन व्यवस्था के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित अलंकरण समारोह में भी हुए शामिल
एक अन्य कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित अलंकरण समारोह में भी सहभागिता की। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्म श्री सम्मान प्रदान किए गए।
श्री साहू ने कहा कि यह समारोह राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, संस्कृति, नवाचार एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के प्रति देश की कृतज्ञता एवं सम्मान का प्रतीक है, जो आने वाली पीढ़ियों को सेवा एवं उत्कृष्टता के मार्ग पर प्रेरित करते रहेंगे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
