अमरकंटक जैन समाज ने मौन जुलूस निकाल सौंपा ज्ञापन। संत सुरक्षा व निष्पक्ष जांच की मांग
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक — मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में दिगंबर जैन समाज द्वारा सोमवार को मौन जुलूस निकालकर थाना अमरकंटक पहुंच पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के नाम ज्ञापन सौंपा गया ।
समाजजनों ने विहाररत जैन साधु-संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने , संत सुरक्षा नीति लागू करने तथा हाल ही में हुई दुखद घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की ।
इससे पूर्व समाज के लोगों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रख शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया ।
मौन जुलूस के माध्यम से समाजजनों ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की ।

ज्ञापन में कहा गया कि जैन साधु-संत अहिंसक जीवन जीते हैं और आत्मरक्षा के किसी भी साधन का उपयोग नहीं करते , ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन एवं समाज दोनों की जिम्मेदारी है । ज्ञापन में संबंधित घटना की निष्पक्ष जांच , सीसीटीवी एवं डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई ।
उल्लेखनीय है कि विगत दिवस रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर विहार के दौरान हुई सड़क दुर्घटना में दो ब्रह्मचारिणी माताजी का निधन हो गया था , जबकि एक माताजी गंभीर रूप से घायल हैं । इस घटना से जैन समाज में गहरा आक्रोश एवं शोक व्याप्त है ।
समाजजनों ने संत सुरक्षा प्रोटोकॉल , संवेदनशील मार्गों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन संपर्क व्यवस्था लागू करने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी ।
इस अवसर पर अमरकंटक जैन समाज के प्रबुद्ध लोग बड़ी संख्या में महिला , पुरुष एवं बच्चे हाथों में बैनर लिए मौन जुलूस में शामिल हुए और थाना अमरकंटक पहुंचकर ज्ञापन सौंपा गया ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
