हिर्री में कोल माफिया के ‘काले खेल’ का पर्दाफाश: डिपो मालिक और ट्रांसपोर्टर समेत 5 गिरफ्तार, उच्च गुणवत्ता का कोयला पार कर मिलाते थे कचरा

0
IMG-20260525-WA1223

अमेरा खदान से सिलतरा जा रहे ट्रेलरों से निकाला 15 टन कीमती कोयला; जी-6 ग्रेड की जगह लोड कर देते थे निम्न स्तर का अमानक कोल, पुलिस ने बिछाया जाल

बिलासपुर। जिले के हिर्री थाना क्षेत्र में कोयले की हेराफेरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोल डिपो मालिक और वाहन मालिकों की मिलीभगत से कीमती कोयले की चोरी कर उसमें घटिया दर्जे का कोयला मिलाने वाले मास्टरमाइंड नरेश अग्रवाल सहित पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से कोयला परिवहन के क्षेत्र में सक्रिय माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

कीमती कोयले की जगह खपा रहे थे 4700 GCV का माल

मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी आशीष केशरी (निवासी पेंड्रा), जो कोल परिवहन एवं लिफ्टिंग का काम करते हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि अमेरा विश्रामपुर (SECL) खदान से तीन ट्रेलरों (CG 15 EC 9200, CG 15 EC 7400 और CG 30 H 2900) में उच्च गुणवत्ता का जी-6 (5500-5800 GCV) कोयला लोड कर गोपाल स्पंज एंड पावर लिमिटेड सिलतरा के लिए रवाना किया गया था।
रास्ते में पेण्ड्रीडीह चौक के पास आरोपी गंगा साहू और रिजवान खान ने चालकों के साथ मिलकर ट्रेलरों को नरेश अग्रवाल के कोल डिपो में खड़ा कराया। वहां प्रत्येक ट्रेलर से 5-5 टन (कुल 15 टन) कीमती कोयला उतार लिया गया और उसकी जगह वजन बराबर करने के लिए 4700 GCV का निम्न स्तर का अमानक कोयला लोड कर दिया गया।

पुलिस की रेड और सैंपलिंग से खुला राज

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश और एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर मिश्रा ने टीम गठित कर पेण्ड्रीडीह स्थित डिपो में दबिश दी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और अमानक कोयले का सैम्पल परीक्षण हेतु जप्त किया। विवेचना में पाया गया कि डिपो मालिक और वाहन स्वामी मिलकर लंबे समय से इस तरह की हेराफेरी को अंजाम दे रहे थे।

गिरफ्तार किए गए आरोपी:

  1. नरेश अग्रवाल (47 वर्ष): डिपो मालिक, निवासी रामावैली, चकरभाठा।
  2. गंगा प्रसाद साहू (37 वर्ष): वाहन स्वामी, निवासी पकरिया (मुंगेली), हाल मुकाम चकरभाठा।
  3. फिरोज अंसारी (22 वर्ष): ट्रेलर चालक, निवासी गढ़वा, झारखंड।
  4. निसार अंसारी (25 वर्ष): ट्रेलर चालक, निवासी गढ़वा, झारखंड।
  5. इमरान अंसारी (27 वर्ष): ट्रेलर चालक, निवासी गढ़वा, झारखंड।

कड़ी धाराओं में मामला दर्ज, भेजे गए जेल

हिर्री पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 123/2026 के तहत धारा 316(3), 317(4), 3(5) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को 25 मई को गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस सिंडिकेट के अन्य सदस्यों और इस मिलावटी कोयले के खरीददारों की तलाश कर रही है।
मुख्य बिंदु:

  • घटना दिनांक: 21 मई 2026 दोपहर 12:00 बजे।
  • स्थान: पेण्ड्रीडीह डिपो खदान क्षेत्र।
  • मोडस ऑपरेंडी: अच्छी क्वालिटी का कोयला चोरी कर घटिया कोयला मिक्स करना।
    कितने टन कोयले की हेराफेरी हुई, इस पर पुलिस की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि औद्योगिक क्षेत्रों में इस तरह के मिलावट के खेल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!