गौवंश तस्करी पर नवागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
दो अलग-अलग मामलों में 12 गौवंश सहित ट्रक और पिकअप जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार
बिना चारा-पानी ठूंसकर ले जाए जा रहे थे मवेशी, कुल 7.14 लाख रुपए की संपत्ति जब्त
बेमेतरा। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में गौवंश तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में 12 नग गौवंश, एक ट्रक और एक पिकअप वाहन जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में कुल लगभग 7 लाख 14 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गौसेवक रमेश यादव एवं अन्य सदस्यों ने थाना नवागढ़ में शिकायत दर्ज कराई कि 23 मई की रात ग्राम मजगांव-छिरहा मार्ग से एक ट्रक में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने पर गौ रक्षक समिति के सदस्य ग्राम प्रतापपुर मेन चौक पहुंचे, जहां ट्रक क्रमांक CG 25 L 0947 को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान ट्रक में 8 नग गौवंश को बिना चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक भरा हुआ पाया गया। आरोपियों से पशुओं के परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। मौके पर सुरेंद्र निषाद, सुखीराम जायसवाल और कपिल जायसवाल को पकड़ लिया गया।
खेत में घुसी पिकअप, 4 मवेशी बरामद
इसी तरह 24 मई की रात एक अन्य सूचना पर गौ रक्षक समिति और पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रतापपुर से दौनाडीह मार्ग पर एक पिकअप वाहन का पीछा किया। पीछा करने के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसा। अंधेरे का फायदा उठाकर एक आरोपी भाग निकला, जबकि मौके से 4 नग मवेशी बरामद किए गए।
पुलिस ने वाहन चालक दौलत साहू को पकड़ लिया। जांच में पाया गया कि पिकअप वाहन क्रमांक CG 25 4168 में दो पड़वा और दो पड़िया को बिना चारा-पानी के क्रूरता पूर्वक भरकर ले जाया जा रहा था।
7 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 12 नग गौवंश, ट्रक, पिकअप वाहन सहित लगभग 7 लाख 14 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है। जब्त मवेशियों में गाय, बछड़ा, बछिया, पड़वा और पड़िया शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों में सुरेंद्र निषाद, सुखीराम जायसवाल, कपिल जायसवाल एवं दौलत साहू शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस और गौसेवकों की संयुक्त कार्रवाई
पूरी कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव एवं एसडीओपी भूषण एक्का और विनय कुमार के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी भुनेश्वर यादव, कृष्ण कुमार क्षत्री, प्रधान आरक्षक ओंकार निर्मलकर, राहुल दुबे, भूपेंद्र चंद्रवंशी, गजानंद पटेल सहित नवागढ़ पुलिस स्टाफ एवं गौसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
