मुंगेली में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल, ड्यूटी के दौरान कर्मचारी के सोने का वीडियो वायरल

0
Screenshot_20260526_224947

फ्यूज ऑफ कॉल सेंटर का फोन लगातार रहा व्यस्त, शिकायत लेकर पहुंचे उपभोक्ताओं ने बनाया वीडियो

मुंगेली। जिले के बिजली विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर चर्चा में है। सोशल मीडिया में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से फ्यूज ऑफ कॉल सेंटर का कर्मचारी ड्यूटी के दौरान गहरी नींद में सोता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

मिली जानकारी के अनुसार, शहर के कई इलाकों में देर रात बिजली बाधित हो गई थी। परेशान उपभोक्ताओं ने शिकायत दर्ज कराने के लिए बिजली विभाग के फ्यूज ऑफ कॉल सेंटर में लगातार फोन लगाया, लेकिन फोन लगातार व्यस्त आता रहा। कई बार प्रयास करने के बावजूद जब संपर्क नहीं हो पाया तो कुछ नागरिक स्वयं कार्यालय पहुंच गए।

कार्यालय पहुंचने पर दिखा अलग नजारा

कार्यालय पहुंचने पर लोगों ने देखा कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी कुर्सी पर सोता हुआ नजर आ रहा था। वायरल वीडियो में यह भी दावा किया जा रहा है कि विभाग का मोबाइल फोन किसी अन्य नंबर पर कॉल लगाकर व्यस्त मोड में रखा गया था, ताकि उपभोक्ताओं की शिकायत कॉल रिसीव न करनी पड़े।

NTPC World Environment Day

मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया में वायरल हो गया। वीडियो में मोबाइल कॉल चालू दिखाई दे रही है और कर्मचारी गहरी नींद में नजर आ रहा है।

गर्मी में बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी

शहरवासियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली कटौती की समस्या लगातार बढ़ रही है। हल्की बारिश और तेज हवा के बाद कई मोहल्लों में घंटों बिजली बंद रहती है। ऐसे में शिकायत दर्ज कराने के लिए कॉल सेंटर में संपर्क करना भी मुश्किल हो जाता है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार फोन नहीं उठाया जाता और कभी-कभी लाइन लगातार व्यस्त रहती है, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

विभागीय कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद शहर में बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। लोगों ने मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि यदि जिम्मेदार कर्मचारियों की जवाबदेही तय नहीं की गई, तो उपभोक्ताओं की समस्याएं लगातार बढ़ती रहेंगी।

नोट :

वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। “अपना छत्तीसगढ़ न्यूज” इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!