बस्तर सांसद महेश कश्यप के मुख्य आतिथ्य में सुकमा में मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज का निर्माण करें : सांसद महेश कश्यप
नवनियुक्त स्वास्थ्य कर्मियों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र, दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रेरणा से आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सुकमा जिले के ज्ञानोदय आत्मानंद विद्यालय, कुम्हाररास में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

सामूहिक योगाभ्यास से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश योग प्रशिक्षक रामनारायण मिश्रा के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, अर्धचक्रासन, शवासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं ध्यान सहित अनेक योग क्रियाएं कराई गईं। सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। सांसद महेश कश्यप ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया योग को अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को सकारात्मक ऊर्जा से भरने का माध्यम है। प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ और विकसित समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। योग के माध्यम से निरोगी जीवन, मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच विकसित होती है।
नियमित योग से बढ़ती है कार्यक्षमता महिला आयोग सदस्य सुश्री दीपिका सोरी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन प्रसन्न और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने नागरिकों से प्रतिदिन कम से कम 20 मिनट योग करने की अपील की।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। योग को एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जीवनशैली के रूप में अपनाना चाहिए।
नवनियुक्त स्वास्थ्य कर्मियों को मिले नियुक्ति पत्र कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग में संविदा भर्ती के तहत चयनित स्वास्थ्य कर्मचारियों को सांसद महेश कश्यप द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने नवचयनित कर्मचारियों को जनसेवा के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई गई शपथ कार्यक्रम में सांसद श्री कश्यप ने उपस्थित नागरिकों को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर महिला आयोग सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, नगर पालिका अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम, उपाध्यक्ष श्रीमती भुनेश्वरी यादव, जिला पंचायत सदस्य कोरसा सन्नू, सांसद प्रतिनिधि अरुण सिंह भदौरिया, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे, कलेक्टर अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुन्द ठाकुर, जिला खेल अधिकारी विरुपाक्ष पौराणिक, उप संचालक समाज कल्याण संजय पांडे, आयुष अधिकारी डॉ. गौतम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, नशामुक्त और विकसित समाज के निर्माण के संकल्प के साथ किया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
