भुवन सिंह ध्रुव हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तारबांसाझाल-भागवखार खेत में मिले शव की गुत्थी सुलझी, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
रिपोर्टर ✒️ सुचित कुमार मरावी
करगीरोड-कोटा। जूनापारा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांसाझाल-भागवखार स्थित खेत में मिले भुवन सिंह ध्रुव के अंधे हत्याकांड का बिलासपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी अशोक श्रीवास (45 वर्ष) निवासी जमुनाहीपारा मनपहरी, चौकी जूनापारा, थाना तखतपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी संजीव कुमार ठाकुर एवं उनकी टीम द्वारा की गई।

जांच में सामने आया कि मृतक भुवन सिंह ध्रुव ने कुछ दिन पूर्व अपनी कृषि भूमि बेचकर बड़ी राशि प्राप्त की थी। आरोपी अशोक श्रीवास, जो मृतक का पिछले 10–15 वर्षों से परिचित था, को इस बात की जानकारी थी कि उसके पास नकदी है। इसी लालच में उसने मृतक से नजदीकी बढ़ाई और घटना वाले दिन उसे अपने साथ ले गया।
पुलिस के अनुसार दिनांक 13 जून 2026 को आरोपी अपने ऑटो क्रमांक CG10 BN 1761 से भुवन सिंह को लेकर गया। रास्ते में दोनों ने शराब का सेवन किया। इसके बाद आरोपी लगातार मृतक से पैसे मांगता रहा, लेकिन पैसे देने से इंकार करने पर उसने हत्या की साजिश रच दी। आरोपी ने सुनसान स्थान बांसाझाल-भागवखार स्थित खेत के पास मृतक को ले जाकर धक्का देकर गिराया और लगभग 3–4 किलो वजनी पत्थर से उसके सीने पर कई वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मृतक की जेब से नकदी लेकर फरार हो गया।
हत्या के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। लगातार प्रयासों के बाद 20 जून 2026 को आरोपी को जमुनाहीपारा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 41,500 रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त पत्थर तथा हत्या में उपयोग किया गया ऑटो (CG10 BN 1761) बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और पैसों के लालच में उसने अपने ही परिचित की निर्मम हत्या कर दी। प्रकरण के सफल खुलासे में जूनापारा चौकी पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी के विरुद्ध हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
