उन्नत नस्ल के सूकर पालन से बदली राजू भगत के जीवन की तस्वीर
पशुधन विकास विभाग की योजना से बढ़ी आय, आत्मनिर्भरता की राह हुई मजबूत
रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका संवर्धन का प्रभावी माध्यम बन रही हैं। पशुधन विकास विभाग द्वारा संचालित सूकर वितरण योजना से प्रदेश के अनेक हितग्राहियों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम मदननगर निवासी राजू भगत ने उन्नत नस्ल के सूकर पालन के माध्यम से अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
वर्ष 2024-25 में पशुधन विकास विभाग की योजना के अंतर्गत राजू भगत को 01 नर एवं 02 मादा उन्नत नस्ल के सूकर उपलब्ध कराए गए। विभागीय मार्गदर्शन और वैज्ञानिक पद्धति से पालन-पोषण के परिणामस्वरूप वर्तमान में उनके पास 02 नर, 06 मादा तथा 09 बच्चे हैं। इससे उत्पादन क्षमता बढ़ी है और उनके लिए नियमित आय का स्रोत विकसित हुआ है।

राजू भगत के अनुसार सूकर पालन से उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 35 से 40 हजार रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है तथा वे भविष्य में इस व्यवसाय का विस्तार करने के लिए उत्साहित हैं।
पशुधन विकास विभाग द्वारा हितग्राहियों को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, कृमिनाशक दवाएं, उपचार सुविधा तथा तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग के सतत सहयोग और हितग्राहियों के परिश्रम से सूकर पालन ग्रामीण क्षेत्रों में लाभकारी आजीविका के रूप में उभर रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

