एनटीपीसी सीपत टाउनशिप में संविदा कर्मी फंदे पर लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस
पंप हाउस के कमरे में मिला शव, परिवार की मौजूदगी में नीचे उतारा गया
सीपत। NTPC Limited सीपत स्थित उज्ज्वलनगर टाउनशिप में मंगलवार दोपहर एक संविदा कर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना दोपहर लगभग 3 बजे पंप हाउस परिसर के एक कमरे में सामने आई, जिसके बाद तत्काल सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस को सूचना दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उज्ज्वलनगर टाउनशिप के पंप हाउस के कमरे में एक व्यक्ति को फंदे से झूलता हुआ देखा गया। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस को भी तत्काल अवगत कराया गया।
मृतक की पहचान प्रभात कुमार यादव के रूप में हुई
पुलिस और परिजनों की उपस्थिति में शव को फंदे से नीचे उतारा गया। मृतक की पहचान प्रभात कुमार यादव के रूप में की गई है। बताया गया कि वह टीएडी विभाग में मेसर्स New India Engineering Company के माध्यम से संविदा श्रमिक के रूप में कार्यरत थे।

घटना के बाद सहकर्मियों और परिजनों में शोक का माहौल है। अचानक हुई इस घटना ने टाउनशिप में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मौत के कारणों पर सस्पेंस, जांच जारी
फिलहाल मृत्यु के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मृत्यु के कारणों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी स्थिति
पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की तैयारी की गई। माना जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों से पर्दा उठ सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या सहित अन्य संभावित कारणों पर भी पड़ताल कर रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

