कृषक उन्नति योजना से बेटे का सपना हुआ साकार
भागुटोला के किसान जगन्नाथ पटेल को मिली एकमुश्त राशि, बेटे की वर्षों पुरानी मोटरसाइकिल की इच्छा हुई पूरी
रिपोर्टर✒️कमलेश सिंह
कवर्धा । मेहनत से खेती करने वाले किसान के लिए उसकी फसल ही सबसे बड़ी पूंजी होती है। जब उसी मेहनत का उचित मूल्य और अतिरिक्त आर्थिक सहयोग समय पर मिले, तो परिवार के कई सपने साकार हो जाते हैं। ऐसी ही कहानी है कबीरधाम जिले के ग्राम भागुटोला निवासी जगन्नाथ पटेल की, जिनके परिवार की एक बड़ी इच्छा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की कृषक उन्नति योजना से पूरी हुई।
करीब पांच एकड़ कृषि भूमि पर धान सहित अन्य फसलों की खेती करने वाले जगन्नाथ पटेल ने इस वर्ष 82.49 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा। धान विक्रय के बाद उन्हें कृषक उन्नति योजना के तहत अंतर की राशि लगभग 57 हजार रुपए एकमुश्त प्राप्त हुई। यह राशि उनके परिवार के लिए किसी सौगात से कम नहीं थी। पटेल बताते हैं कि उनका 21 वर्षीय बेटा लंबे समय से मोटरसाइकिल खरीदना चाहता था। परिवार की अन्य जिम्मेदारियों के कारण यह सपना पूरा नहीं हो पा रहा था। लेकिन योजना के तहत मिली एकमुश्त प्रोत्साहन राशि से उन्होंने बेटे के लिए मोटरसाइकिल खरीदी और उसके चेहरे की खुशी देखकर उन्हें अपनी मेहनत का सच्चा फल मिला।
जगन्नाथ पटेल कहते हैं कि यदि यह राशि किस्तों में मिलती, तो इतनी बड़ी जरूरत पूरी करना मुश्किल होता। एक साथ राशि मिलने से परिवार की महत्वपूर्ण आवश्यकता आसानी से पूरी हो गई और आर्थिक बोझ भी नहीं बढ़ा। उनका कहना है कि कृषक उन्नति योजना किसानों के लिए बड़ा सहारा बनकर सामने आई है। उचित मूल्य के साथ अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलने से खेती में निवेश करना, कृषि उपकरण खरीदना और परिवार की जरूरतों को पूरा करना पहले की तुलना में आसान हो गया है। इससे किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है और वे आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पटेल कहते हैं कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों ने खेती को अधिक लाभकारी बनाया है। अब किसानों को अपनी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिल रहा है, जिससे वे पूरे उत्साह के साथ खेती कर रहे हैं। वे कहते है कि खेती केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि परिवार के सपनों को साकार करने और खुशहाल भविष्य की मजबूत नींव बनने का साधन बन गई हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

