महतारी वंदन योजना से बढ़ा आत्मविश्वास, आत्मनिर्भर बनीं श्रीमती सुनीता श्रीवास
नियमित आर्थिक सहायता से परिवार की जरूरतें हो रहीं पूरी, महिलाओं को मिल रहा सशक्तिकरण का नया आधार
रायपुर । प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना राज्यभर की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। योजना के अंतर्गत प्रतिमाह प्रदान की जाने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए संबल बनकर उभरी है, जिससे वे अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ परिवार की जिम्मेदारियों में भी प्रभावी भागीदारी निभा रही हैं।
सक्ती जिले के विकासखंड सक्ती अंतर्गत ग्राम किरारी निवासी श्रीमती सुनीता श्रीवास महतारी वंदन योजना से लाभान्वित होकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने वाली महिलाओं में शामिल हैं। वे बताती हैं कि पहले छोटी-छोटी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए भी उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब योजना से प्राप्त होने वाली नियमित सहायता राशि उनके लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा बन गई है।

श्रीमती सुनीता श्रीवास ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि से वे अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ बच्चों के पालन-पोषण और परिवार के अन्य आवश्यक खर्चों में भी सहयोग कर पा रही हैं। इससे उन्हें अपने खर्चों का बेहतर प्रबंधन करने में सुविधा मिली है तथा परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
उनका कहना है कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी दे रही है। योजना से मिलने वाली नियमित राशि महिलाओं को परिवार की जिम्मेदारियों में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित कर रही है तथा उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है।
श्रीमती सुनीता श्रीवास ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय और प्रभावी पहल है। इस योजना से महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है तथा वे आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से अग्रसर हो रही हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

