72 घंटे में चोरी का खुलासा, 11 सोने के लॉकेट और नकदी बरामद मुंगेली सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार, बालक किशोर न्यायालय में पेश

0
Screenshot_20260704_194406

मुंगेली। संपत्ति संबंधी अपराधों के त्वरित निराकरण को लेकर मुंगेली पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने चोरी के एक मामले का महज 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गए 11 नग सोने के लॉकेट और 2 हजार रुपये नकद बरामद करने में सफलता हासिल की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि विधि से संघर्षरत एक बालक को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) द्वारा जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को संपत्ति संबंधी अपराधों के शीघ्र निराकरण एवं आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। उन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 01 जुलाई 2026 को प्रार्थी मनीष अनंत, निवासी फंदवानीकांपा, थाना सिटी कोतवाली, जिला मुंगेली ने थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 29 जून 2026 को वह सब्जी खरीदने बाजार गया था। घर लौटने के बाद अगले दिन जब उसने आलमारी की जांच की, तो उसमें रखे 2 हजार रुपये नकद और 11 सोने के लॉकेट गायब मिले।

NTPC World Environment Day

प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत बीएनएस की धारा 332(सी) एवं 305 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली कि चोरी की घटना में गांव के ही हेमंत अनंत और एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक से उसके पिता की उपस्थिति में पूछताछ की। पूछताछ में बालक ने स्वीकार किया कि उसने अपने पारिवारिक चाचा के घर की आलमारी से चाबी निकालकर लॉकर में रखे 2 हजार रुपये तथा 11 सोने के लॉकेट चोरी किए थे। उसने यह भी बताया कि चोरी किए गए लॉकेट उसने आरोपी हेमंत अनंत के पास सुरक्षित रखने के लिए रखवा दिए थे। बालक की निशानदेही पर नकदी बरामद कर ली गई।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी हेमंत अनंत (27 वर्ष) पिता जगजीवन अनंत, निवासी फंदवानीकांपा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी के सोने के लॉकेट अपने पास रखना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 11 नग सोने के लॉकेट बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया।

जांच के दौरान आरोपी का अपराध बीएनएस की धारा 317(5) के अंतर्गत पाए जाने पर उक्त धारा भी प्रकरण में जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी हेमंत अनंत को 03 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया और 04 जुलाई 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को पृथक रूप से किशोर न्यायालय मुंगेली के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।

मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि बीट प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाकर अपराधों पर नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े (प्रभारी थाना सिटी कोतवाली मुंगेली), उप निरीक्षक पारख साहू, प्रधान आरक्षक राजेश बंजारे सहित अरुण साहू, अजय चंद्राकर, योगेश यादव, विकास ठाकुर, मनोज टंडन और चंद्रसेन की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!