राम लला दर्शन योजना से साकार हुआ 69 वर्षीय श्रद्धालु का वर्षों पुराना सपना

0
IMG-20260710-WA1364

अयोध्या में रामलला और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर भावुक हुए शोभनाथ सोनवानी, बोले-जीवन की सबसे बड़ी इच्छा हुई पूरी

रायपुर । जीवन में कुछ इच्छाएं ऐसी होती हैं, जो वर्षों तक मन में संजोई रहती हैं। कबीरधाम जिले के ग्राम खारा निवासी 69 वर्षीय शोभनाथ सोनवानी के लिए अयोध्या धाम में प्रभु रामलला और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करना ऐसी ही एक आजीवन अभिलाषा थी। आर्थिक परिस्थितियों के कारण यह सपना कभी पूरा नहीं हो सका, लेकिन छत्तीसगढ़ शासन की राम लला दर्शन योजना ने उनकी इस मनोकामना को साकार कर दिया।

शोभनाथ सोनवानी बताते हैं कि वर्षों से उनके मन में अयोध्या और काशी धाम की यात्रा करने की इच्छा थी, लेकिन संसाधनों के अभाव में यह संभव नहीं हो पा रहा था। योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन किया और चयनित होने के बाद उन्हें निःशुल्क तीर्थयात्रा का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि पूरी यात्रा अत्यंत सुव्यवस्थित और सुविधाजनक रही। कबीरधाम से दुर्ग रेलवे स्टेशन तक बस, विशेष ट्रेन से अयोध्या एवं काशी की यात्रा, समय पर भोजन, नाश्ता, चाय, चिकित्सकीय सुविधा, भजन-कीर्तन तथा दर्शन स्थलों तक निःशुल्क परिवहन जैसी व्यवस्थाओं ने यात्रा को सहज, सुरक्षित और यादगार बना दिया।

NTPC World Environment Day

सोनवानी ने कहा कि प्रभु रामलला और बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद उन्हें आत्मिक शांति, संतोष और अद्भुत आनंद की अनुभूति हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, क्योंकि इससे उनके जैसे अनेक लोगों की वर्षों पुरानी धार्मिक आकांक्षाएं पूरी हो रही हैं।

राम लला दर्शन योजना के माध्यम से कबीरधाम जिले के सैकड़ों श्रद्धालु अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ के दर्शन का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। यह योजना धार्मिक आस्था को सम्मान देने के साथ-साथ आम नागरिकों के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम बनकर लोगों के जीवन में नई खुशी ला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!