उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शाला प्रवेश उत्सव में बच्चों को तिलक लगाकर कराया शाला प्रवेश

0
IMG-20260710-WA0961

“आप ही हैं भावी भारत का भविष्य” – अरुण साव

विकास कार्यों के लिए 2.60 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा

बिलासपुर । शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों में स्कूल के प्रति उत्साह जगाने के उद्देश्य से बेमेतरा जिले के बेरला में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। बेरला के मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्नेहपूर्वक शाला प्रवेश कराया तथा सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

NTPC World Environment Day

बच्चों से किया आत्मीय संवाद

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कक्षा पहली सहित विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के माथे पर तिलक लगाया और उन्हें पुस्तकें, स्टेशनरी तथा शाला गणवेश वितरित किए। उन्होंने बच्चों के साथ स्नेहपूर्वक फोटो खिंचवाई और उनसे आत्मीय बातचीत भी की।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “आप ही भावी भारत का भविष्य हैं। देश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी आने वाले समय में आपके कंधों पर होगी। इसलिए मन लगाकर पढ़ाई करें, अनुशासन में रहें और बड़े सपने देखें।” उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।

शिक्षा ही विकास की आधारशिला

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। शाला प्रवेश उत्सव का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं, स्मार्ट क्लास, मध्यान्ह भोजन और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं के माध्यम से बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि एक अच्छा शिक्षक ही अच्छे नागरिकों का निर्माण करता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में असफलता से निराश न होने और एक लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

बालिकाओं को साइकिल भेंट

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत 20 बालिकाओं को साइकिल वितरित की। साइकिल मिलने से छात्राओं में उत्साह दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि इससे बेटियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

इस अवसर पर जिले में बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही नवोदय विद्यालय में चयनित विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया।

विकास कार्यों के लिए 2.60 करोड़ रुपये की घोषणा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बेरला में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये, स्टेडियम निर्माण के लिए 50 लाख रुपये तथा शासकीय कन्या विद्यालय की बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।

बच्चों को ज्ञानवान और ऊर्जावान बनाएं : दयाल बघेल

कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश की भावी पीढ़ी हैं और देश का भविष्य उनके हाथों में है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया तथा पालकों और शिक्षकों से बच्चों को ज्ञानवान एवं ऊर्जावान बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आग्रह किया।

शिक्षा ही सफलता की कुंजी : विजय बघेल

सांसद विजय बघेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन बदलने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने माता-पिता और गुरुजनों का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं, स्मार्ट क्लास, छात्रवृत्ति तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने तथा बेटा-बेटी में किसी प्रकार का भेदभाव न करने की अपील की। विधायक दीपेश साहू और ईश्वर साहू ने भी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू, शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक, बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!