स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां शुरू मुख्य सचिव विकासशील ने ली अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक
रायपुर । प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गरिमापूर्वक मनाया जाएगा। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह के सफल आयोजन के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं और तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन प्रातः 9 बजे से किया जाएगा।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं। समारोह के दौरान आकर्षक परेड का आयोजन होगा। परेड में शामिल होने वाली टुकड़ियों के चयन तथा रिहर्सल की समस्त व्यवस्थाएं पुलिस उप महानिरीक्षक, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल द्वारा पुलिस महानिदेशक के मार्गदर्शन में की जाएंगी। वहीं यातायात, पार्किंग, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस महानिरीक्षक रायपुर को सौंपी गई है।

कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, मंच, पंडाल एवं बैठक व्यवस्था की जिम्मेदारी आयुक्त नगर पालिक निगम रायपुर निभाएंगे। स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का निर्धारण स्कूल शिक्षा विभाग और संस्कृति विभाग संयुक्त रूप से करेंगे, जबकि रिहर्सल के दौरान बच्चों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कलेक्टर रायपुर द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह से संबंधित अन्य विभागों के अधिकारियों को भी आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला एवं तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों के संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा शीघ्र ही दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
बैठक में यह भी बताया गया कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 7 अगस्त से 15 अगस्त तक सभी शासकीय कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके लिए संस्कृति विभाग आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा।
बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रमुख सचिव शहला निगार, सचिव रजत कुमार, सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, सचिव अंकित आनंद, सचिव यशवंत कुमार, कलेक्टर रायपुर गौरव कुमार सिंह, गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

