बिलासपुर पुलिस का शिकायत निवारण शिविर सफल, 43 में से 41 शिकायतों का मौके पर हुआ निराकरण

0
IMG-20260710-WA1392

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

एसएसपी रजनेश सिंह ने स्वयं सुनी फरियादियों की समस्याएं, 8 मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज करने के दिए निर्देश

बिलासपुर। आम नागरिकों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने और उनकी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा शुक्रवार को बिलासगुड़ी चेतना भवन में वृहद शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में जिले भर से पहुंचे फरियादियों की शिकायतों की सुनवाई की गई। शिविर में प्राप्त 43 शिकायतों में से 41 का मौके पर ही निराकरण कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई का संदेश दिया।

शिविर में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) तथा थाना प्रभारी उपस्थित रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्वयं प्रत्येक फरियादी से चर्चा कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

NTPC World Environment Day

पुलिस के अनुसार शिविर में महिला थाना से 8, कोतवाली से 7, सिरगिट्टी से 4, कोनी, रतनपुर एवं तोरवा से 3-3 तथा सिविल लाइन, सरकंडा, तखतपुर, चकरभाठा, सीपत एवं मस्तूरी थाना क्षेत्र से 2-2 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें अधिकांश शिकायतें जमीन विवाद, पारिवारिक कलह, साइबर ठगी, लेन-देन से जुड़े विवाद तथा महिला संबंधी मामलों से संबंधित थीं।

शिकायतों की सुनवाई के दौरान कई मामलों में दोनों पक्षों को बुलाकर मौके पर ही समाधान कराया गया। वहीं आठ मामलों में प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि जिला स्तरीय शिकायत निवारण शिविर का उद्देश्य आम जनता को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना और उन्हें बार-बार थानों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे ताकि लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित हो सके।

शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू) रश्मित कौर चावला, सीएसपी कोतवाली, सीएसपी सिविल लाइन, एसडीओपी कोटा, डीएसपी आईयूसीएडब्ल्यू सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

शिकायत निवारण शिविर में पहुंचे फरियादियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर अधिकारियों की मौजूदगी में उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। पुलिस का मानना है कि ऐसे शिविरों से आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं संवाद भी मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!