रायपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: 3 एकड़ में हो रही अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

0
IMG-20260710-WA1681

सुखराम नगर में अवैध सड़क और नींव ध्वस्त, ब्रम्हदेईपारा में जलभराव रोकने अतिक्रमण हटाया

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन क्रमांक-1 के नगर निवेश विभाग की टीम ने वार्ड क्रमांक-3 स्थित सुखराम नगर में लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लाटिंग पर जेसीबी चलाकर कार्रवाई की। वहीं वीर शिवाजी वार्ड क्रमांक-16 के ब्रम्हदेईपारा में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए अवैध निर्माण हटाया गया।

नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता द्रोणी कुमार पैकरा, सहायक अभियंता शरद देशमुख तथा नगर निवेश विभाग की टीम ने संत कबीर दास वार्ड क्रमांक-3 के सुखराम नगर में दो अलग-अलग स्थानों पर हो रही अवैध प्लाटिंग का निरीक्षण किया। जांच में लगभग तीन एकड़ भूमि पर बिना अनुमति प्लाटिंग किए जाने की पुष्टि होने पर मौके पर बनाई गई अवैध मुरम सड़क को जेसीबी मशीन से काटकर आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया। साथ ही प्लाटिंग के लिए तैयार की गई अवैध नींव को भी ध्वस्त कर दिया गया, ताकि आगे किसी प्रकार का निर्माण नहीं हो सके।

नगर निगम ने संबंधित भूमि के वास्तविक स्वामित्व की जानकारी प्राप्त करने के लिए रायपुर तहसीलदार को पत्र भेजा है। भूमि स्वामी की जानकारी मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए नगर निगम जोन-1 की ओर से आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

NTPC World Environment Day

इसी अभियान के तहत वीर शिवाजी वार्ड क्रमांक-16 के ब्रम्हदेईपारा क्षेत्र में जल निकासी बाधित होने की शिकायत पर भी कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान नाले के पास किए गए अतिक्रमण को जलभराव का कारण पाए जाने पर वहां निर्मित अवैध झोपड़ी को हटाकर रास्ता साफ कराया गया। निगम अधिकारियों का कहना है कि इससे क्षेत्र में वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या कम होगी और पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सकेगी।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध प्लाटिंग, अतिक्रमण और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी भूखंड की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधता और नगर निगम की अनुमति की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!