फर्जी नियुक्ति पत्र देकर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260712-WA0006

महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में भर्ती का झांसा देकर वसूली, फर्जी चयन सूची और नियुक्ति पत्र तैयार कर करता था ठगी

रायपुर। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने स्वयं को प्रभावशाली व्यक्ति बताकर अभ्यर्थियों को महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और इसके लिए फर्जी चयन सूची तथा फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर उनसे बड़ी रकम वसूल ली।

मामला थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र का है। पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, दस्तावेजों और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर की गई विवेचना में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद इमरान कादरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार उसके विरुद्ध जुआ एवं विभिन्न प्रकार की ठगी से जुड़े कुल आठ आपराधिक मामले थाना सिविल लाइन, तेलीबांधा, सिमगा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पूर्व में भी उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।

NTPC World Environment Day

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद इमरान कादरी (37 वर्ष), पिता मोहम्मद इकबाल कादरी, निवासी पेंशनबाड़ा, थाना कोतवाली, रायपुर तथा वर्तमान पता परसतराई रोड, धरसींवा, रायपुर के रूप में हुई है।

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने, भर्ती में चयन कराने या प्रभाव का दावा करने वाले किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर धनराशि का भुगतान न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, फर्जी नियुक्ति पत्र या ठगी की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस हेल्पलाइन को दें।

पुलिस का कहना है कि आर्थिक अपराधों एवं नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी के मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध आगे भी कठोर एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!