सेवा सेतु पोर्टल ने आसान की उच्च शिक्षा की राह: नवागढ़ के वरुण को एक दिन में मिला निवास प्रमाण पत्र
रिपोर्टर : विनय सिंह ब्यूरो बेमेतरा
बेमेतरा । डिजिटल सुशासन की दिशा में छत्तीसगढ़ शासन की पहल सेवा सेतु पोर्टल अब युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बनता जा रहा है। इसका एक प्रेरक उदाहरण विकासखंड नवागढ़ के निवासी छात्र वरुण की कहानी है।
वरुण को उच्च शिक्षा में प्रवेश के लिए निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। कॉलेज प्रवेश की अंतिम तिथि निकट थी और समय पर प्रमाण पत्र न मिलने की चिंता उन्हें लगातार परेशान कर रही थी। ऐसे में उन्होंने अपने निकटस्थ सेवा सेतु केंद्र में संपर्क किया। वहां उपस्थित कर्मचारियों ने उन्हें सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी दी और आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन करने में सहायता प्रदान की।

आवेदन जमा होने के बाद संबंधित राजस्व अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों का त्वरित सत्यापन किया गया। डिजिटल प्रक्रिया के कारण पूरा काम तेजी से पूरा हुआ और मात्र एक दिन के भीतर वरुण को डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त निवास प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। प्रमाण पत्र मिलते ही उन्होंने समय पर कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर ली।
वरुण बताते हैं, “कॉलेज एडमिशन को लेकर मैं बहुत चिंतित था, क्योंकि निवास प्रमाण पत्र के बिना प्रवेश संभव नहीं था। सेवा सेतु पोर्टल और सेवा सेतु केंद्र के सहयोग से मुझे एक दिन में प्रमाण पत्र मिल गया। इससे मेरा समय भी बचा और प्रवेश प्रक्रिया भी बिना किसी परेशानी के पूरी हो गई। मैं इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करता हूं।”
यह सफलता की कहानी दर्शाती है कि सेवा सेतु पोर्टल केवल एक डिजिटल व्यवस्था नहीं, बल्कि नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और सरल सेवाएं उपलब्ध कराने वाला प्रभावी माध्यम बन चुका है। विशेषकर विद्यार्थियों और युवाओं के लिए यह पहल शिक्षा, रोजगार और अन्य आवश्यक शासकीय सेवाओं तक पहुंच को आसान बना रही है।
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब नागरिक ऑनलाइन आवेदन, आवेदन की स्थिति की जानकारी तथा डिजिटल प्रमाण पत्र जैसी सुविधाओं का लाभ घर के निकट ही प्राप्त कर रहे हैं। यह व्यवस्था डिजिटल छत्तीसगढ़ और सशक्त नागरिक की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

