निगम आयुक्त ने टीएल बैठक में राजस्व वसूली और अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई तेज करने दिए निर्देश

0
IMG-20260813-WA0736

अवैध नल कनेक्शनों के नियमितीकरण, रैन वाटर हार्वेस्टिंग और जनशिकायतों के त्वरित निराकरण पर भी जोर

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने नगर निगम मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल स्थित सभाकक्ष में साप्ताहिक टीएल बैठक लेकर निगम के विभिन्न विभागों एवं जोनों में संचालित कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से लंबित प्रकरणों, राजस्व वसूली, अवैध प्लाटिंग, अवैध निर्माण, नल कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी ली और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को नगर निगम क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के मामलों में नियमानुसार प्रक्रिया के तहत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध प्लाटिंग से संबंधित प्रकरणों की लगातार निगरानी की जाए और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर के सुनियोजित विकास में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली पर जोर

टीएल बैठक में आयुक्त ने नगर निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए राजस्व वसूली की समीक्षा की। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों को निगम हित में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अधिकाधिक राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राजस्व वसूली की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा लंबित कर एवं अन्य देय राशियों की वसूली में तेजी लाने कहा।

NTPC World Environment Day

आयुक्त ने अवैध नल कनेक्शनों के नियमितीकरण अभियान की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों को अभियान में गति लाते हुए अवैध नल कनेक्शनों का नियमानुसार नियमितीकरण करने और उन्हें नगर निगम की करारोपण व्यवस्था में प्राथमिकता से शामिल करने के निर्देश दिए।

अवैध निर्माण और भवन अनुज्ञा प्रकरणों पर कार्रवाई

आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को अवैध निर्माणों तथा भवन अनुज्ञा से संबंधित प्रकरणों में अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन निर्माण से जुड़े मामलों में नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए और अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

उन्होंने शहर में विज्ञापन बोर्ड लगाए जाने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। आयुक्त ने जोन कमिश्नरों को निर्धारित नीति एवं नियमानुसार ही विज्ञापन बोर्ड लगाने की अनुमति देने और पूरी प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेड़ों के आसपास से हटेंगे कंक्रीट घेरे और पेवर

रायपुर जिला प्रशासन के ‘प्रोजेक्ट पुनर्जीवन’ के तहत शहर के सभी वार्डों में चलाए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को अभियान के तहत लगातार मॉनिटरिंग करने तथा पेड़ों के चारों ओर पूर्व में लगाए गए ट्री गार्ड, कंक्रीट के घेरे एवं पेवर को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पेड़ों के संरक्षण और उनके बेहतर विकास के लिए आवश्यक परिस्थितियां तैयार की जाएं तथा अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए मैदानी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू किया जाए।

रैन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने के निर्देश

वर्षा जल संचयन को लेकर भी आयुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप शहर में रैन वाटर हार्वेस्टिंग अभियान चलाकर अधिक से अधिक स्थानों पर वर्षा जल संचयन की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा।

आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जल संरक्षण के लिए नागरिकों और संस्थानों को भी जागरूक किया जाए तथा उपलब्ध संभावनाओं के अनुसार अधिक से अधिक स्थानों पर वर्षा जल को संरक्षित करने की व्यवस्था विकसित की जाए।

सीएम हेल्पलाइन और कलेक्टर हेल्पलाइन की शिकायतों का हो त्वरित निराकरण

टीएल बैठक में जनशिकायतों के निराकरण को लेकर भी आयुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर हेल्पलाइन तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त आमजनों के पत्रों एवं शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका निराकरण सुनिश्चित करने कहा।

उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

आयुष्मान कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा

बैठक में शासन की आयुष्मान कार्ड योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप योजना में तेजी लाने और अधिक से अधिक पात्र लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवासों के सर्वे तथा बीएलसी और एएचपी घटक के तहत आवास निर्माण से संबंधित प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना के कार्यों में आवश्यक गति लाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने कहा।

शहर के विकास कार्यों में समयबद्धता पर जोर

आयुक्त संबित मिश्रा ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि निगम की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब उनका प्रभावी क्रियान्वयन समय पर हो और मैदानी स्तर पर उसका परिणाम दिखाई दे।

बैठक में निगम के विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जनहित से जुड़े मामलों में तत्परता बरतने के निर्देश दिए गए।

टीएल बैठक में नगर निगम के अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा एवं विनोद पाण्डेय, मुख्य अभियंता संजय बागडे, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर एवं इमरान खान, नगर निवेशक आभास मिश्रा सहित सभी उपायुक्त, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता एवं विभिन्न विभागों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!