रेलवे सुरक्षा बल क्राइम ब्रांच की कार्रवाई: 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त, दो व्यक्ति गिरफ्तार

0
IMG-20260813-WA1283

बरामद विदेशी सोने की अनुमानित कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये, डीआरआई नागपुर कर रही मामले की विस्तृत जांच

बिलासपुर । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की क्राइम ब्रांच रायपुर एवं नागपुर की टीम ने राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई), नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में विदेशी सोने की तस्करी के मामले का पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोने के साथ पकड़ा। बरामद सोने में 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है। जब्त सोने की अनुमानित कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, रेलवे सुरक्षा बल क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोना लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर की ओर से तत्काल रायपुर क्राइम ब्रांच को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद डीआरआई नागपुर की टीम के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त जांच अभियान की योजना तैयार की गई।

ट्रेन में सघन जांच के दौरान पकड़े गए संदिग्ध

सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर तक ट्रेन में सघन जांच एवं निगरानी अभियान चलाया। जांच के दौरान भंडारा और नागपुर के बीच बी-12 कोच में दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई। टीम ने दोनों की तलाशी ली, जिसके दौरान उनके कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया गया।

NTPC World Environment Day

बरामद सोने में सात सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल थी। प्रारंभिक आकलन के अनुसार जब्त विदेशी सोने की कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये है। कार्रवाई के बाद बरामद सोने को जब्त करते हुए दोनों व्यक्तियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए डीआरआई नागपुर की टीम को सौंप दिया गया।

कस्टम्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

दोनों आरोपियों के खिलाफ Customs Act, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। बरामद सोने के स्रोत, उसकी तस्करी से जुड़े नेटवर्क और आरोपियों की भूमिका सहित पूरे मामले की विस्तृत जांच डीआरआई नागपुर, महाराष्ट्र द्वारा की जा रही है।

आरपीएफ की सतर्कता से मिली बड़ी सफलता

इस कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल क्राइम ब्रांच नागपुर एवं रायपुर की टीम की सतर्कता, त्वरित सूचना-साझाकरण और प्रभावी आपसी समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद संबंधित टीमों के बीच तत्काल समन्वय स्थापित कर ट्रेन में निगरानी एवं जांच अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप करोड़ों रुपये के विदेशी सोने की बरामदगी संभव हुई।

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेल परिसरों और ट्रेनों के माध्यम से अवैध एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी एवं जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रेल मार्ग से होने वाली अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आरपीएफ की ओर से सतर्कता और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!