तिरंगा हमारी एकता और अखंडता का प्रतीक : राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा
2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में दें योगदान
15 अगस्त पर हर घर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने की अपील
रायपुर । स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर जिले के तिल्दा में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की महिमा और देश के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए नागरिकों से राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने का आह्वान किया।
राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। तिरंगे का हरा रंग देश की शांति, खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक है, वहीं इसके मध्य स्थित अशोक चक्र निरंतर गति और प्रगति का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश की आजादी की रक्षा के लिए लाखों वीर सपूतों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।

स्वाभिमान से फहराएं तिरंगा, बनाए रखें ध्वज की गरिमा
राजस्व मंत्री ने उपस्थित जनसमूह और प्रदेशवासियों से अपील की कि 15 अगस्त के पावन अवसर पर प्रत्येक नागरिक अपने घर में पूरे स्वाभिमान और सम्मान के साथ तिरंगा अवश्य फहराए। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है।

उन्होंने ध्वज की गरिमा बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस का उत्सव समाप्त होने के बाद भी राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान हर हाल में सुरक्षित रहना चाहिए। सड़क, गली अथवा किसी भी अनुचित स्थान पर तिरंगा गिरा हुआ या अपमानजनक स्थिति में न दिखाई दे, इसका ध्यान रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारे लिए गौरव का विषय है। इसलिए इसे सम्मानपूर्वक फहराने के साथ-साथ उसकी गरिमा और सम्मान की रक्षा करना भी उतना ही आवश्यक है।
2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने भारत के भविष्य की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को एक सशक्त, समर्थ और विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस संकल्प को पूरा करने में देश के प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं होगा। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग, युवाओं, किसानों, श्रमिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं और उद्यमियों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। प्रत्येक नागरिक अपने क्षेत्र में ईमानदारी, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ कार्य करे तो देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने, संविधान और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति सम्मान रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लें।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा, उपाध्यक्ष पलक सुखमणि, पूर्व अध्यक्ष महेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, युवा एवं विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। देशभक्ति के नारों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
