अचीवर्स पब्लिक स्कूल गतौरी में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
रिपोर्टर ✒️ मनमोहन सिंह राजपूत
खैरा । अचीवर्स पब्लिक स्कूल, गतौरी में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उमंग और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। पूरे विद्यालय परिसर को तिरंगे के रंगों से सजाया गया था। देशभक्ति के नारों और गीतों से विद्यालय परिसर गूंजता रहा। समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


स्पोर्ट्स टीचर अरुण दुबे ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय नौसेना के सेवानिवृत्त जूनियर कमीशंड ऑफिसर सत्येंद्र दुबे तथा विशिष्ट अतिथि रोटरी क्वीन्स बिलासपुर की प्रेसिडेंट भारती सालुंके का विद्यालय परिवार की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया। समारोह में विद्यालय के डायरेक्टर चंद्रराज चौहान एवं प्राचार्या अंकिता जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के NCC कैडेट्स ने शानदार एवं अनुशासित परेड प्रस्तुत की। कैडेट्स की कदमताल, अनुशासन, जोश और प्रशिक्षण का प्रभावशाली प्रदर्शन देखकर उपस्थित अतिथियों एवं विद्यालय परिवार में राष्ट्रप्रेम की भावना और प्रबल हुई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया।
मुख्य अतिथि सत्येंद्र दुबे ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रप्रेम और देशसेवा की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने NCC कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत परेड और उनके अनुशासन की विशेष सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में देश के प्रति जिम्मेदारी और सेवा की भावना विकसित करना राष्ट्र निर्माण के लिए आवश्यक है।
विद्यालय के डायरेक्टर चंद्रराज चौहान एवं प्राचार्या अंकिता जायसवाल ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

समारोह का सफल संचालन वंदना वर्मा और संध्या मैम ने किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर पूनम बजाज ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय के सभी सम्माननीय शिक्षकगण उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
