बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के लिए 7.60 करोड़ रुपये मंजूर

0
image_search_1786971396699

क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने स्वीकृत की राशि

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी

रायपुर । खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिला मुख्यालय कांकेर में जिला स्तरीय बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण के लिए 7 करोड़ 60 लाख 34 हजार रुपये की राशि मंजूर की है। क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत कांकेर के सिंगारभाट स्टेडियम की चिन्हित भूमि पर 4000 दर्शक क्षमता वाले बहुउद्देश्यीय स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया है।

प्रस्तावित बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण से कांकेर जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे जिले के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर खेल अधोसंरचना उपलब्ध हो सकेगी। जिला स्तर पर विभिन्न खेल गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और आयोजनों के लिए भी एक बेहतर मंच तैयार होगा।

सिंथेटिक रनिंग ट्रैक सहित कई सुविधाएं

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा स्वीकृत राशि से स्टेडियम परिसर में 400 मीटर 8-लेन सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा मिनी जिम, महिला एवं पुरुष शौचालय, सीसी रोड, आरसीसी ड्रेन और ओपन स्टेज जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

NTPC World Environment Day

सिंथेटिक रनिंग ट्रैक बनने से एथलेटिक्स से जुड़े खिलाड़ियों को आधुनिक स्तर की अभ्यास सुविधा मिल सकेगी। वहीं मिनी जिम और अन्य आवश्यक सुविधाओं से स्टेडियम में खिलाड़ियों एवं दर्शकों के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित होगी।

निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष जोर

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्टेडियम निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सामग्री और संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों और स्वीकृत प्राक्कलन का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। शासन की मंशा है कि निर्धारित राशि का मितव्ययी एवं प्रभावी उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना तैयार की जाए।

समय-सीमा में निविदा और निर्माण पूरा करने के निर्देश

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्माण कार्य के प्राक्कलन और कार्य संपादन में मितव्ययिता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

विभाग ने निर्माण एजेंसी को अनुबंधित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। निर्माण कार्य में अनावश्यक रूप से समय-सीमा बढ़ाने पर भी रोक लगाई गई है।

अपरिहार्य परिस्थितियों में ही समय-वृद्धि

विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल अपरिहार्य एवं नियंत्रण से बाहर माने जाने वाले कारणों के आधार पर ही सक्षम अधिकारी द्वारा निर्माण की समय-सीमा में वृद्धि की जा सकेगी। कार्य पूर्ण करने में अनावश्यक विलंब को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निर्माण कार्य की समयावधि में वृद्धि टाइम एक्सटेंशन नियमानुसार अर्थदंड सहित अधिरोपित करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे निर्माण एजेंसी पर समय पर और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने की जिम्मेदारी तय होगी।

कांकेर में प्रस्तावित यह बहुउद्देश्यीय स्टेडियम जिले की खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 4000 दर्शक क्षमता के साथ आधुनिक खेल सुविधाओं से सुसज्जित स्टेडियम बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलने के साथ जिले में खेल गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!