एसईसीएल मुख्यालय में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत शपथ कार्यक्रम आयोजित
अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का लिया संकल्प
बिलासपुर । भारत सरकार की पहल ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में 18 अगस्त 2026 को नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
एसईसीएल के प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में सीएमडी हरीश दुहन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। इस दौरान निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन सहित एसईसीएल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

शपथ कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशे के सेवन से होने वाले सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्प्रभावों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।


‘नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें’ का दिया संदेश
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने “नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। ऐसे में नशे के खिलाफ जागरूकता और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

एसईसीएल द्वारा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में विभिन्न गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल शपथ तक सीमित न रहकर नशे के खिलाफ जागरूकता के संदेश को कर्मचारियों, उनके परिवारों और व्यापक समाज तक पहुंचाना रहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दोहराया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
