उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की

0
IMG-20260820-WA1124

नगरीय निकायों के प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

नालंदा परिसरों के कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश

बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत तथा टेंडर हो चुके कार्यों को मिशन मोड में पूरा करने कहा

लोगों की समस्याओं के संवेदनशीलता से निराकरण और समन्वय से कार्य करने के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

रायपुर । उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज जांजगीर जिला मुख्यालय में अपने चारों विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर दोनों जिलों में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

उप मुख्यमंत्री साव ने दोनों जिलों में संचालित विभागीय योजनाओं, विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी।

नगरीय निकायों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री साव ने नगरीय निकायों में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन कार्यों की स्वीकृति एवं आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण हो चुकी हैं, उन्हें तत्काल प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कार्य प्रारंभ करने में देरी तथा निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

NTPC World Environment Day

उन्होंने जांजगीर एवं सक्ती में निर्माणाधीन नालंदा परिसरों के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने इन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर युवाओं एवं विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। इसलिए इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्माण की गति बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

15वें वित्त आयोग और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की समीक्षा

उप मुख्यमंत्री साव ने 15वें वित्त आयोग एवं स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल आवर्धन योजना के कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने कहा।

उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए स्रोत पर ही कचरा पृथक्करण एवं संग्रहण की व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एनर्जी बिल ऑडिट कराने तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ

उप मुख्यमंत्री साव ने नगरीय क्षेत्रों में पीएम स्वनिधि एवं पीएम आवास योजना सहित शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि हितग्राही मूलक योजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। पात्र हितग्राहियों के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद परिवारों तक समय पर पहुंच सके।

बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुके कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने तथा प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों एवं सड़कों पर बने गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों की स्थिति बेहतर होने से नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकतानुसार तत्काल मरम्मत कार्य कराने को कहा।

जल जीवन मिशन की योजनाओं के रखरखाव पर जोर

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री साव ने जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण एवं हैंडओवर की जा चुकी योजनाओं के सुचारू संचालन एवं नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए पंचायत एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानी न हो, इसके लिए विभागीय अमला सक्रियता से काम करे।

गांवों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश

खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को व्यापक रूप से बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल गतिविधियों के आयोजन से बच्चों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि खेलों से बच्चों एवं युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने तथा खिलाड़ियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को समन्वय और संवेदनशीलता से काम करने की हिदायत

उप मुख्यमंत्री साव ने अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सहयोग की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बेहतर समन्वय आवश्यक है। अलग-अलग विभागों से जुड़े कार्यों में आपसी तालमेल से काम करने पर योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता एवं सम्मानपूर्वक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याओं एवं कार्यों के निराकरण की उम्मीद लेकर कार्यालय आते हैं। इसलिए उनके प्रति सकारात्मक एवं सहयोगात्मक रवैया रखा जाना चाहिए, ताकि उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें और कार्यालयीन कार्यों के लिए बेहतर वातावरण निर्मित हो।

अधिकारी बैठक में रहे मौजूद

बैठक में जांजगीर-चांपा के कलेक्टर जन्मेजय महोबे, सक्ती के कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और जिला पंचायत के सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!