उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया शौर्य वाटिका का भूमिपूजन, लगभग 79 लाख रुपए के विकास कार्यों का किया लोकार्पण
शहीदों की स्मृति में सोनपुर में बनी शौर्य वाटिका, 37 शहीद परिवारों का हुआ सम्मान
रायपुर । जिले के वीर बलिदानियों की पावन स्मृति को संजोने और उनकी शौर्यगाथा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम सोनपुर में शौर्य वाटिका का भूमिपूजन किया गया। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 37 शहीद परिवारों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर लगभग एक एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही शौर्य वाटिका में शहीदों के नाम पर उनके परिजनों द्वारा स्मृति वृक्ष लगाए गए। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने भी शहीदों की स्मृति में पीपल का पौधा रोपित कर शौर्य वाटिका में पौधरोपण की शुरुआत की।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री शर्मा ने लगभग 78.96 लाख रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें तालाब गहरीकरण, खेल मैदान, पहुंच मार्ग निर्माण, शौचालय, चबूतरा निर्माण, वृक्षारोपण एवं शेड निर्माण सहित विभिन्न कार्य शामिल हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत 37.95 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण, आहता निर्माण एवं शेड निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।

शहीदों के बलिदान से मिली बस्तर में शांति की राह
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में छत्तीसगढ़ के जवानों और बस्तर के लोगों ने बड़ी कीमतें चुकाई हैं। उन्होंने शहीद जवानों और उनके परिवारों को नमन करते हुए कहा कि आज बस्तर में शांति स्थापित होने के बाद विकास की नई संभावनाएं खुली हैं।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी नक्सल हिंसा के कारण स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंच पाती थीं, वहां अब विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। शांति और सुरक्षा के वातावरण में इन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का काम लगातार आगे बढ़ रहा है।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे में शहीद जवानों की बहादुरी और बलिदान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज नक्सल क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। जिन इलाकों में कभी जाना मुश्किल था, वहां अब शांति और बदलाव का माहौल दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन उन जवानों और नागरिकों के बलिदान का परिणाम है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी देश और प्रदेश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
शहीदों की स्मृति को संजोएगी शौर्य वाटिका
उपमुख्यमंत्री ने सोनपुर गांव के विकास की सराहना करते हुए कहा कि यहां शहीदों की स्मृति में शौर्य वाटिका का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के शहीद परिवारों और शहीदों के नाम पर यहां पौधरोपण किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके त्याग और शौर्य को याद रख सकें।
उन्होंने कहा कि शौर्य वाटिका केवल एक उद्यान नहीं, बल्कि शहीदों के बलिदान और वीरता की स्मृति को जीवंत रखने का माध्यम बनेगी। यहां लगाए गए स्मृति वृक्ष आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश देंगे कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए वीर जवानों ने किस तरह अपना जीवन समर्पित किया।
गांव के विकास में सरकार देगी हरसंभव सहयोग
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सोनपुर गांव में योजना के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। गांव में निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मनरेगा सहित वीवीजी राम जी के माध्यम से रोजगार के साथ-साथ कौशल विकास और अधोसंरचना निर्माण को गति दी जा रही है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से योजनाबद्ध तरीके से गांव के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए, ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग हो और ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
37 शहीद परिवारों का सम्मान
कार्यक्रम में जिले के 37 शहीद परिवारों का सम्मान किया गया। शहीद परिवारों के सम्मान के दौरान उनके त्याग और योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। शौर्य वाटिका में शहीदों के परिजनों द्वारा स्मृति वृक्ष लगाए जाने से कार्यक्रम भावनात्मक और गौरवपूर्ण बन गया। इस पहल के माध्यम से शहीदों की स्मृति को पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा गया है।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने भी शहीदों को नमन करते हुए उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में साजा विधायक ईश्वर साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक, सुरेन्द कोशिक, सरपंच संत कुमार कुंभकार, सेवानिवृत्त शिक्षक रामू राम चक्रधर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिकगण उपस्थित थे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
