वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने ली जांजगीर-चांपा जिले के जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक
विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं, निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें कार्य : मंत्री चौधरी
मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नालंदा परिसर सहित बड़े निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूर्ण करने कहा
विद्युत आपूर्ति में व्यवधान पर जताई नाराजगी, बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश
महतारी वंदन योजना के शेष हितग्राहियों की अभियान चलाकर ई-केवाईसी कराने कहा
रायपुर । वित्त मंत्री एवं जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आज जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि जिलेवासियों को योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समय पर मिल सके।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि आम नागरिकों के कार्यों का त्वरित निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार और लापरवाही की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। यदि ऐसी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करना होना चाहिए।

बड़े निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और गति पर जोर
वित्त मंत्री ने जिले में संचालित बड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नालंदा परिसर सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी बड़े निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों और गुणवत्ता के अनुरूप समय-सीमा में पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने परियोजनाओं की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के साथ ही जिले की प्राथमिकता वाले आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता लंबे समय तक नागरिकों को सुविधा देने के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए निर्माण के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी की जाए और कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
निर्बाध विद्युत आपूर्ति और सड़कों की मरम्मत पर विशेष ध्यान
बारिश के दौरान बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार का व्यवधान आने पर उसका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। विद्युत व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाए और आवश्यकतानुसार मैदानी अमले को तत्काल भेजकर समस्या का समाधान किया जाए।
मंत्री चौधरी ने बारिश के कारण सड़कों पर हुए गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की प्राथमिकता से मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों की स्थिति बेहतर रहने से आवागमन सुगम होगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। क्षतिग्रस्त सड़कों की पहचान कर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने पर जोर दिया गया।
राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री चौधरी ने कहा कि राजस्व विभाग के कार्य सीधे आम नागरिकों और ग्रामीणों से जुड़े होते हैं। इसलिए राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए।
वित्त मंत्री ने विकास एवं निर्माण कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
पीएम सूर्यघर और प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा
वित्त मंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों के घरों में गुणवत्तापूर्ण सोलर पैनल स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को इसका लाभ दिलाने कहा।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों को किस्त जारी करने में किसी भी प्रकार की देरी नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में हितग्राहियों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि कोई हितग्राही अपनी इच्छा और संसाधनों से निर्धारित आवास से बड़ा मकान बनाना चाहता है तो उसे इसके लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि परिवार की आवश्यकता के अनुरूप बेहतर आवास का निर्माण हो सके।
महतारी वंदन योजना के शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी कराने के निर्देश
महतारी वंदन योजना की समीक्षा के दौरान मंत्री चौधरी ने शेष हितग्राहियों की अभियान चलाकर ई-केवाईसी पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए ई-केवाईसी की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।
उन्होंने वीबी-जी राम जी योजना के तहत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के मरम्मत कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों और महिलाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण संस्थाएं हैं, इसलिए इनके भवनों और सुविधाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
किसानों को उद्यानिकी और आधुनिक कृषि के लिए प्रोत्साहित करने कहा
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिले में फल एवं सब्जियों के उत्पादन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को उद्यानिकी फसलों के लिए अधिक से अधिक प्रेरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए पारंपरिक कृषि के साथ उद्यानिकी और अन्य लाभकारी फसलों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर उत्पादन पद्धति और उपलब्ध शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें इनसे जोड़ने पर जोर दिया गया।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने खाद और बीज के भंडारण तथा उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग के संबंध में किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता बढ़ाने को कहा।
अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर सख्त कार्रवाई
प्रभारी मंत्री चौधरी ने जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से लगातार निगरानी रखें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाए।
ई-ऑफिस, ई-अटेंडेंस और कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा
बैठक में ई-ऑफिस एवं ई-अटेंडेंस व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने दोनों व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा आम नागरिकों को पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
