‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण, नमूना संकलन एवं कार्रवाई

0
IMG-20260823-WA0983

रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मिठाई, दूध एवं दुग्ध उत्पादों पर विशेष निगरानी, कई जिलों में खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए

रायपुर । खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ द्वारा जनस्वास्थ्य एवं सुरक्षित खाद्य उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित “बने खाबो, बने रहिबो 2.0” सात दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान किराना दुकानों, होटल, ढाबों, मिठाई एवं डेयरी प्रतिष्ठानों सहित विभिन्न खाद्य कारोबारियों के यहां पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया जा रहा है।

अभियान के दौरान बिलासपुर जिले में प्रबल फूड प्रोडक्ट के निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों का निर्माण अनहाइजेनिक परिस्थितियों में पाए जाने पर प्रतिष्ठान का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर निर्माण कार्य बंद कराया गया। साथ ही खाद्य पदार्थ का नमूना जांच के लिए लिया गया।

कई जिलों में नमूने संकलित

बालोद जिले में किराना दुकानों एवं होटल आदि से दाल, चावल, चना तथा मिठाइयों के कुल 8 नमूने जांच के लिए संकलित किए गए। बेमेतरा जिले में खोवा, मथुरा पेड़ा, नमकीन सेव एवं सोनपापड़ी सहित 5 नमूने लिए गए। वहीं एमसीबी जिले में बेसन लड्डू, गुलाब जामुन, मिल्क केक एवं शिकायत के आधार पर शक्कर के 4 विधिक/सर्विलांस नमूने संकलित किए गए।

NTPC World Environment Day

रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में मिठाइयों के नमूने लिए गए तथा एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर पंडित होटल का निरीक्षण किया गया, जहां से शाही पनीर एवं कुक्ड राइस के नमूने भी जांच के लिए लिए गए। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के साथ 3 प्रतिष्ठानों का हाइजीन रेटिंग के लिए प्राथमिक निरीक्षण किया गया।

किराना दुकानों से भी लिए गए खाद्य नमूने

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में किराना प्रतिष्ठानों से मैदा, सरसों तेल, सोया बड़ी, बेसन, चीनी, बिस्किट, पोहा, मिर्च पाउडर, सोयाबीन तेल एवं अरहर दाल सहित 10 सर्विलांस नमूने संकलित किए गए।

सरगुजा जिले में मिठाई निर्माण एवं होटल प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खोवा का विधिक तथा अन्य खाद्य पदार्थ का सर्विलांस नमूना लिया गया।

जांजगीर-चांपा जिले में मिठाई, कन्फेक्शनरी एवं राइस विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों से 3 विधिक नमूने लिए गए। कोरबा जिले में देवभोग मिल्क प्रोडक्ट से पनीर एवं दही तथा अन्य प्रतिष्ठान से देशी घी एवं नमकीन के विधिक नमूने संकलित किए गए।

साफ-सफाई को लेकर दिए निर्देश

कबीरधाम, बलरामपुर एवं अन्य जिलों में भी होटल, स्वीट्स शॉप, किराना एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

खाद्य कारोबारकर्ताओं को अखाद्य एवं प्रतिबंधित रंगों का प्रयोग नहीं करने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा खाद्य पदार्थ परोसने के लिए अखबारी कागज अथवा स्याही लगे कागज का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्रतिष्ठान परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन को अद्यतन रखने और उसे परिसर में प्रदर्शित करने के लिए भी कहा गया।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

अभियान के दौरान संकलित खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

रक्षाबंधन को लेकर मिठाई दुकानों पर विशेष नजर

खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा आगामी रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए मिठाई, दूध एवं दुग्ध उत्पादों सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। त्योहार के दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने को देखते हुए विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूना संकलन की कार्रवाई जारी रखी जा रही है।

विभाग ने खाद्य कारोबारकर्ताओं से सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों का निर्माण और विक्रय करने की अपील की है। वहीं आम नागरिकों से भी खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता, स्वच्छता, पैकिंग, निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि तथा लेबल संबंधी जानकारी ध्यानपूर्वक देखने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!