अमरकंटक में कांवड़ियों के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

0
IMG-20260824-WA0943

मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों को भोजन प्रसादी वितरित की, उनके साथ बैठकर किया प्रसादी ग्रहण

भोरमदेव से अमरकंटक तक कांवड़ यात्रा के लिए की गई विशेष व्यवस्थाएं

रायपुर । सावन माह के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने मां नर्मदा के दर्शन कर नर्मदा उद्गम स्थल स्थित नर्मदा कुंड में विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों के बीच आत्मीयता के साथ समय बिताया।

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने अमरकंटक स्थित मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों को भोजन प्रसादी वितरित की। उन्होंने स्वयं कांवड़ियों के साथ बैठकर भोजन प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी यात्रा, स्वास्थ्य और रास्ते में उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। कांवड़ियों के साथ उप मुख्यमंत्री का यह आत्मीय संवाद श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय रहा।

150 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा के लिए विशेष इंतजाम

उल्लेखनीय है कि अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक करीब 150 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्ग में कांवड़ियों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा, ठहरने और भोजन सहित आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

NTPC World Environment Day

कांवड़ियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस पेट्रोलिंग दल भी तैनात किए गए हैं। इसका उद्देश्य यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

मृत्युंजय आश्रम में भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था

अमरकंटक स्थित मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों के लिए निःशुल्क भोजन एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। यहां यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को दाल-भात, सब्जी के साथ खीर, पूरी और हलवा सहित भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। कांवड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था से श्रद्धालुओं को लंबी यात्रा के दौरान काफी सुविधा मिल रही है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सावन माह के इस पवित्र अवसर पर भोरमदेव से अमरकंटक तक श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि सभी भक्तजन श्रद्धा और उत्साह के साथ अपनी कांवड़ यात्रा पूरी कर सकें।

सावन माह के अंतिम सोमवार पर अमरकंटक में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का विशेष वातावरण रहा। मां नर्मदा के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ कांवड़ियों के बीच उप मुख्यमंत्री की मौजूदगी ने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। यात्रा मार्ग पर प्रशासन एवं पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं के बीच कांवड़िए अपनी धार्मिक यात्रा पूरी करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!